लंबित अपराध, चालान और शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश, पुलिसिंग में अनुशासन, जनसंपर्क और प्रोफेशनल कार्यशैली पर दिया जोर

बालोद। जिला मुख्यालय में आयोजित क्राइम समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण ने जिले के समस्त थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था को सुदृढ़, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाए रखने के लिए कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में पूर्ण जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ कार्य करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिकायत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
क्राइम समीक्षा बैठक में जिले के लंबित अपराधों, चालानों, वारंट, गुमशुदगी, शिकायतों एवं विवेचना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी लंबित प्रकरणों एवं शिकायतों का शीघ्र निराकरण करते हुए प्रकरणों का त्वरित निकाल सुनिश्चित करने तथा बाउंड ओवर की प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में जुआ, सट्टा, आबकारी एक्ट, अवैध परिवहन, अवैध निवासियों का सत्यापन, किरायेदार सत्यापन, निगरानी बदमाशों की नियमित चेकिंग, सड़क दुर्घटना नियंत्रण, साइबर फ्रॉड के प्रति जागरूकता, स्कूल एवं बीट प्रणाली की कार्रवाई तथा गौवंश तस्करी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही परिवार परामर्श केंद्र के प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने तथा नेटग्रिड के माध्यम से आरोपियों की जानकारी एकत्रित करने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में उपद्रवी एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा अवैध परिवहन के खिलाफ निरंतर अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मजबूत सूचना तंत्र के माध्यम से अपराधों की जानकारी समय रहते प्राप्त कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण कायम रखा जा सके।
यातायात व्यवस्था सुधारने पर विशेष जोर
बैठक में जिले की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। ड्रिंक एंड ड्राइव करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, ओवर स्पीड वाहनों की नियमित जांच एवं चालानी कार्रवाई करने तथा दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट को चिन्हांकित कर वहां बैरीकेड एवं रेडियम लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस एवं आम जनता के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपने थाना क्षेत्रों में सूचना तंत्र को मजबूत करने तथा पुलिस स्टाफ एवं आम जनता के साथ शिष्ट, संयमित एवं संवेदनशील व्यवहार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर सामंजस्य एवं सकारात्मक जनसंपर्क से कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
साइबर अपराधों से निपटने पुलिस की तकनीकी क्षमता बढ़ाने के निर्देश
साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए प्रत्येक थाना से चयनित पुलिस स्टाफ को साइबर अपराध से संबंधित प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए, ताकि पुलिसकर्मियों की दक्षता बढ़े और साइबर अपराध से जुड़े मामलों के निराकरण में तेजी लाई जा सके।
शराब, सट्टा, जुआ और गांजा जैसी अवैध गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध
पुलिस अधीक्षक ने जिले में अवैध शराब, सट्टा, जुआ एवं गांजा जैसी गतिविधियों पर पूर्णतः अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में किसी भी प्रकार की शिकायत कदापि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सरप्राइज विजिट और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से होगी नियमित समीक्षा

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि थाना स्तर पर पुलिसिंग की व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी। वे स्वयं समय-समय पर अचानक निरीक्षण (सरप्राइज विजिट) करेंगे। इसके अलावा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नियमित समीक्षा भी जारी रहेगी। बेहतर कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशंसा एवं प्रोत्साहन दिया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने थाना स्तर पर आवश्यक सभी सामग्री एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर प्रस्ताव एवं आवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने की बात कही गई। सुरक्षा के दृष्टिकोण से लाइन एवं ऑर्डर ड्यूटी के लिए आवश्यक पर्याप्त संसाधन थाना स्तर पर उपलब्ध रखने तथा उनकी अद्यतन जानकारी संधारित करना भी अनिवार्य किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण ने कहा कि पुलिस की छवि को बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस की कार्यप्रणाली में अनुशासन, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही जरूरी है। किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में डीएसपी हेडक्वार्टर श्रीमती श्रुति सिंह, डीएसपी श्री बोनीफास एक्का, डीएसपी श्री राजेश बागड़े, डीएसपी श्रीमती माया शर्मा, रक्षित निरीक्षक रेवती वर्मा, यातायात प्रभारी, साइबर सेल प्रभारी समेत जिले के सभी थाना प्रभारी, अन्य निरीक्षकगण एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बालोद पुलिस का संदेश — “सुरक्षित बालोद – सजग बालोद।” 🚔












