बालोद। बालोद में तहसीलदार के रूप में अपनी सरल, सहज एवं जनहितैषी कार्यशैली के लिए पहचान बनाने वाले आशुतोष शर्मा के संयुक्त कलेक्टर, कबीरधाम (कवर्धा) पद पर नियुक्त होने पर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर उनके नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं एवं बधाई दी गई।
विदाई समारोह में वक्ताओं ने कहा कि बालोद में अपने कार्यकाल के दौरान आशुतोष शर्मा ने संवेदनशील एवं जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए प्रशासन और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया। उनकी त्वरित निर्णय क्षमता, सहज व्यवहार और सकारात्मक कार्यशैली से प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती मिली तथा जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों के बीच उन्होंने विशेष विश्वास अर्जित किया।
इस अवसर पर उनके प्रशासनिक योगदान एवं सेवाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। उपस्थितजनों ने विश्वास जताया कि संयुक्त कलेक्टर, कबीरधाम के रूप में भी वे अपनी कार्यकुशलता, अनुभव और नेतृत्व क्षमता के बल पर जनसेवा एवं प्रशासनिक दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करेंगे।
वक्ताओं ने उनकी पदोन्नति को उनके उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान बताते हुए कहा कि उनका प्रशासनिक जीवन युवा अधिकारियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव, जिला मंत्री प्रेम साहू, वरिष्ठ नेता लोकेश श्रीवास्तव, जिला मीडिया प्रभारी कमल पनपालिया सहित अनेक शुभचिंतकों ने आशुतोष शर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।









