बालोद। टेकापार से नेवारी कला पहुंच मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी ने सड़क निर्माण के लिए कई स्थानों पर गड्ढे खोद दिए हैं, लेकिन लंबे समय से कार्य बंद होने के कारण मार्ग की स्थिति बदहाल बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार इसी मार्ग से प्रतिदिन स्कूल वाहन गुजरते हैं। आसपास के गांवों के स्कूली बच्चे और बाहर से पढ़ाई के लिए आने वाले विद्यार्थी भी इसी सड़क का उपयोग करते हैं। ऐसे में अधूरी सड़क और खुले गड्ढों के कारण दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। बारिश के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से खतरा और बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण रोजमर्रा का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है और लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
जल्द निर्माण पूरा कराने की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि टेकापार-नेवारी कला मार्ग के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाए। साथ ही खुले गड्ढों को तत्काल भरवाकर सड़क को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि स्कूली बच्चों सहित आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और किसी अप्रिय घटना की आशंका न रहे।









