
मिशन अंकुर से जुड़कर विद्यार्थियों ने दिया हरियाली बढ़ाने का संदेश, संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में हुआ प्रेरक आयोजन
बालोद, 22 जून 2026। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बच्चों ने एक बार फिर मिसाल पेश की है। संयुक्त जिला कार्यालय परिसर, बालोद में आज शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला झलमला के छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए 291 सीड बॉल दान किए गए। बच्चों के इस अनूठे प्रयास ने पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने बताया कि इन सीड बॉल्स का निर्माण विद्यार्थियों ने स्वयं मिट्टी, जैविक खाद तथा विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों के बीजों को मिलाकर किया है। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति संवर्धन और सामूहिक जिम्मेदारी का व्यवहारिक अनुभव भी मिला।
बच्चे पूरे उत्साह और संकल्प के साथ संयुक्त जिला कार्यालय परिसर पहुंचे और पर्यावरण को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष को सीड बॉल सौंपे।
इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष ने विद्यार्थियों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि मिशन अंकुर का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण को समृद्ध बनाना है। उन्होंने कहा कि झलमला स्कूल के बच्चों ने सीड बॉल तैयार कर केवल पौधारोपण का संदेश नहीं दिया, बल्कि समाज को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने की प्रेरणा भी दी है।
उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण के लिए ऐसे छोटे प्रयास भविष्य में बड़े बदलाव का आधार बनते हैं और बच्चों में पर्यावरणीय चेतना विकसित करना समय की आवश्यकता है।
उल्लेखनीय है कि इन सीड बॉल्स को आगामी वर्षा ऋतु में खुले मैदानों एवं वन क्षेत्रों में फैलाया जाएगा, जहां वर्षा जल मिलने पर ये प्राकृतिक रूप से अंकुरित होकर पौधों में परिवर्तित होंगे। इस पद्धति से कम लागत, कम संसाधन और बिना खुदाई के बड़े स्तर पर वृक्षारोपण संभव हो सकेगा।
बच्चों की इस पहल ने यह संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति और नई पीढ़ी की साझा जिम्मेदारी है।










