बालोद/दुर्ग। “हरा-भरा, स्वच्छ धरा” के उद्देश्य को लेकर कार्यरत स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ द्वारा लगातार 172वें सप्ताह भी जल संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं नशामुक्ति को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान समिति के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल तथा प्रदेश सचिव आशीष कुमार दिल्लीवार के मार्गदर्शन में प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया गया।
अभियान के अंतर्गत बजरंगबली मंदिर कमरौद (बालोद), शिव पार्वती धाम बालोद, शिवनाथ नदी घाट एवं शिव मंदिर महमरा (दुर्ग), हुडको तालाब भिलाई, महाकाल शिव मंदिर सुरेगांव, शिव दुर्गा मंदिर भिलाई, कपिश्वर धाम भिलाई तथा ग्राम अंजोरा (दुर्ग) में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम ने झिल्ली, कागज, खाद्य पदार्थों के रैपर, प्लास्टिक चम्मच, शराब की बोतलें, पानी के पाउच, प्लास्टिक बोतलें, गुटखा पाउच, जूठे दोना-पत्तल, डिस्पोजल एवं नदी-तालाबों में प्रवाहित की गई पूजा सामग्री सहित बड़ी मात्रा में कचरा एकत्रित कर निर्धारित स्थान पर डंप किया।
समिति के सदस्यों ने बताया कि यह कचरा सड़कर दुर्गंध फैला रहा था तथा जल स्रोतों को प्रदूषित कर रहा था। अभियान के दौरान नदी और तालाबों में स्नान करने आए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया तथा सार्वजनिक स्थलों, मंदिर परिसरों और जलाशयों में कचरा न फैलाने की अपील की गई।
टीम ने बैनर, स्लोगन, नारों और कविताओं के माध्यम से जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा, पौधारोपण और नशामुक्ति का संदेश दिया। अभियान के दौरान पौधों की देखभाल भी की गई और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर समिति द्वारा निम्न संदेशों के माध्यम से जनजागरूकता की गई—
- “जल है तो बल है।”
- “जल ही जीवन धारा है, जिसने हमें संवारा है।”
- “जागो और जगाओ, स्वच्छता अपनाओ।”
- “पौधे लगाकर पेड़ बनाओ, जीवन में खुशियां बरसाओ।”
- “नशे का होना आदी, घर-परिवार की है बर्बादी।”
- “जितने काटोगे पेड़, उससे अधिक हम लगाएंगे, जमीन कम पड़ेगी तो क्या हुआ, आसमान में भी उगाएंगे।”
संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने बताया कि समिति पिछले पांच वर्षों से लगातार जल संरक्षण और स्वच्छता के लिए जनजागरूकता अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि तालाबों और नदी घाटों पर पूजन सामग्री विसर्जन हेतु अलग कुंड निर्माण की आवश्यकता है, जिससे जल स्रोत स्वच्छ बने रहें और प्रदूषण को रोका जा सके। उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में आवश्यक पहल करने की मांग की।
प्रदेश सचिव आशीष कुमार दिल्लीवार ने कहा कि समिति स्वयं कचरा उठाकर समाज के सामने उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, पौधारोपण करने, जल संरक्षण अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का आह्वान किया।
अभियान में नवनीत कुमार हरदेल, आशीष कुमार दिल्लीवार, सुरेन्द्र साहू, थनेश्वरी हरदेल, राजेंद्र कुमार साहू, टीनल हरदेल, नरेंद्र देशमुख, डॉ. हामेश्वर देशमुख, महेंद्र यादव, चितरंजन दुर्गा देशमुख, कार्तिक राम चंद्राकर, डेरहा देशमुख, टिकेंद्र हरदेल, भागीरथी सिन्हा, दाऊलाल बघेल, श्वेता जैन, निकिता जयेश शिंगणे, सरोज टहनगुरिया, विजय सिंह, अरुण अग्रवाल, भानु शंकर बेलचंदन, भानु सिंह साहू, अंशिका पटवा, पलक निगम, आशी निगम, आन्या सोनी, अंशिका सोनी, सगुन ठाकुर, तन्नो ठाकुर, वंदना ठाकुर, अशिका शर्मा, पियूष देशमुख सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता निभाई।
अंत में समिति ने संदेश दिया कि “स्वच्छ धरा पर चल, होगा हर समस्या का हल” तथा सभी नागरिकों से स्वच्छ, स्वस्थ और हरित समाज के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।











