DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बस ओवरटेक करना पड़ा भारी: बालोद में दर्दनाक सड़क हादसे के बाद युवक ने तोड़ा दम

फुटरेस्ट में फंसा सिर, कटर से निकालकर भेजा गया रायपुर; इलाज के दौरान हुई मौत

बालोद। जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में नगर पालिका के प्लेसमेंट कर्मचारी की मौत हो गई। हादसा बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत गणेश मंदिर के पास सुबह करीब 10 बजे हुआ, जहां बस को ओवरटेक करने के दौरान दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई।

जानकारी के अनुसार पाररास वार्ड क्रमांक 1 निवासी वामेन साहू (35) काम से लौटकर अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान बस को ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई।

हादसे के बाद राहत कार्य में करनी पड़ी मशक्कत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि वामेन साहू उछलकर दूसरी बाइक की ओर जा गिरे और दुर्घटना के दौरान उनका सिर दूसरी बाइक के फुटरेस्ट में बुरी तरह फंस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने काफी प्रयास के बाद कटर की मदद से बाइक के हिस्से को हटाकर उन्हें बाहर निकाला।

गंभीर रूप से घायल वामेन साहू को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

दूसरी बाइक सवार दंपती को आई मामूली चोटें

बताया गया कि दूसरी बाइक पर घुमका निवासी पुनाराम यादव (45) अपनी पत्नी भगवंतीन (40) के साथ आमापारा स्थित रिश्तेदार के घर जा रहे थे। हादसे में दोनों को हल्की चोटें आईं।

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने दुर्घटना का कारण तेज गति और ओवरटेक के दौरान नियंत्रण बिगड़ना बताया है।

परिवार का एकमात्र सहारा था वामेन साहू

स्थानीय लोगों के अनुसार वामेन साहू परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उनकी मां, पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार और वार्ड में शोक का माहौल है।

नगर पालिका ने सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई

मृतक नगर पालिका में प्लेसमेंट कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे और स्वर्ग रथ का संचालन भी करते थे। उनकी सेवाओं को सम्मान देते हुए नगर पालिका द्वारा स्वर्ग रथ को सजाकर उन्हें अंतिम विदाई दी गई।

इस दुखद घटना पर नगर पालिका कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त किया।

You cannot copy content of this page