DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

प्रेरणास्रोत स्व. गैंद सिंह नायक की प्रतिमा का भव्य अनावरण, समाज सेवा और नेतृत्व के आदर्शों को किया गया नमन

हल्बा-हल्बी समाज के वरिष्ठजनों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित हुआ गरिमामय समारोह

कुसुमकसा (बालोद), 7 जून 2026। अखिल भारतीय हल्बा-हल्बी आदिवासी समाज एवं हल्बा कर्मचारी प्रकोष्ठ ग्राम चिपरा (कुसुमकसा) के तत्वावधान में समाज के प्रेरणास्रोत, मार्गदर्शक एवं समाजसेवी स्वर्गीय श्री गैंद सिंह नायक जी की प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन, जनप्रतिनिधि, सामाजिक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना एवं शोभायात्रा के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया तथा मुख्य समारोह में स्वर्गीय श्री गैंद सिंह नायक जी की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने उनके सामाजिक योगदान, नेतृत्व क्षमता और समाज उत्थान के लिए किए गए कार्यों को स्मरण करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री देवलाल ठाकुर (प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा छत्तीसगढ़) रहे। समारोह की अध्यक्षता माननीय श्री निजाम सिंह कोसमा (ग्राम प्रमुख, चिपरा) ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री संजय बैस (पूर्व जनपद सदस्य डौण्डी), श्री राजाराम तारम, श्री छत्तर कोसमा, श्री सुखित राणा, श्री अंजोर अलेन्द्र, श्री माखन कोठारी, श्री बंसीराम रावटे, श्री रामहू चुरेंद्र, श्री कौशलराम गांवरे, श्रीमती रेखाबाई कोठारी, श्रीमती ननकीबाई पिस्दा, श्रीमती अंजू कोसमा एवं श्रीमती वेदबाई पिस्दा सहित अनेक सामाजिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अपने उद्बोधन में अतिथियों ने समाज को एकता, शिक्षा, संगठन और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय श्री गैंद सिंह नायक का जीवन समाज सेवा, समर्पण, संघर्ष और नेतृत्व का प्रतीक रहा है। उन्होंने समाज को संगठित करने और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसे समाज सदैव स्मरण रखेगा।

समारोह के दौरान सामाजिक परिचर्चा, प्रेरक उद्बोधन एवं सामुदायिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सामाजिक भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता कर प्रसाद ग्रहण किया।

समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि स्वर्गीय श्री गैंद सिंह नायक जी की स्थापित प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को समाज सेवा, नेतृत्व और समर्पण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती रहेगी। कार्यक्रम का सफल आयोजन अखिल भारतीय हल्बा-हल्बी आदिवासी समाज एवं हल्बा कर्मचारी प्रकोष्ठ, ग्राम चिपरा (कुसुमकसा), जिला बालोद द्वारा किया गया।

You cannot copy content of this page