“जितने काटोगे पेड़, उससे अधिक हम लगाएंगे” के संकल्प के साथ हुआ पौधारोपण
बालोद/दुर्ग। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ द्वारा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पर्यावरण प्रेमियों का सम्मान किया गया। समिति के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर पूर्व में लगाए गए पौधों का निरीक्षण किया, उनकी देखभाल करने वाले लोगों से मुलाकात की और उन्हें विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दीं।

नवनीत हरदेल ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है। इसी उद्देश्य से उन्होंने उन लोगों का उत्साहवर्धन किया, जिन्होंने पौधों को जीवित रखकर पर्यावरण संरक्षण की मिसाल पेश की है।
दो वर्ष पहले लगाए पौधे बने प्रेरणा का स्रोत
विश्व पर्यावरण दिवस पर पुराना बस स्टैंड स्थित वेल्डिंग दुकान संचालक सुभाष यादव से मुलाकात की गई। दो वर्ष पूर्व सुभाष यादव ने अपनी दुकान के सामने दो नीम के पौधे लगाने का संकल्प लिया था। उस समय उन्हें पौधों की सुरक्षा के लिए ऊंचे ट्री गार्ड लगाने की सलाह दी गई थी।
आज निरीक्षण के दौरान पाया गया कि दोनों पौधे सुरक्षित रूप से विकसित हो रहे हैं और लगभग आठ फीट ऊंचे ट्री गार्ड में संरक्षित हैं। उनकी इस जागरूकता और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी गई। उनकी प्रेरणा से आसपास के अन्य दुकानदारों ने भी पौधारोपण कर ट्री गार्ड लगाए हैं।
आदर्श ग्राम तिरगा में हुआ पौधारोपण और सम्मान

इसके बाद आदर्श ग्राम तिरगा में पर्यावरण प्रेमी लुकेश कुमार देशमुख से मुलाकात कर उनके द्वारा किए गए पौधारोपण कार्यों का निरीक्षण किया गया। गांव में हरियाली बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
तिरगा स्थित प्यारे लाल बेलचंदन स्कूल में पर्यावरण विषयक पेंटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित किए गए। इस दौरान शिक्षकों, अतिथियों और विद्यार्थियों की उपस्थिति में विद्यालय परिसर में फलदार एवं फूलदार पौधों का रोपण भी किया गया।
कविता के माध्यम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति के प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने अपनी रचित पंक्तियां सुनाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया—
“जितने काटोगे पेड़, उससे अधिक हम लगाएंगे,
ज़मीं कम पड़ी तो क्या हुआ, फलक में भी उगाएंगे।”
इन प्रेरक पंक्तियों ने उपस्थित विद्यार्थियों और ग्रामीणों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नया उत्साह भर दिया।
भिलाई में भी चला पौधारोपण अभियान
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ की टीम द्वारा भिलाई इस्पात संयंत्र तथा भिलाई नगर सेक्टर-7 क्षेत्र में भी फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल, लुकेश देशमुख, आनंद कपूर ताम्रकार (पश्चिम ब्लॉक अध्यक्ष दुर्ग), भीमा चौहान, सुभाष यादव, श्रीमती श्वेता जैन, श्रीमती निकिता जयेश शिंगणे, सुरेंद्र साहू, डॉ. ईश्वरी देशमुख सहित अनेक पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह अभियान इस बात का संदेश देता है कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा और देखभाल करना ही सच्चा पर्यावरण संरक्षण है।
