DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

पापरा में सीसी रोड और नाली निर्माण पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने जनदर्शन में की शिकायत

5 लाख रुपये के निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप, विवाद बढ़ने पर काम रुका

बालोद। डौंडी लोहारा विकासखंड के ग्राम पापरा के वार्ड क्रमांक 6 में लगभग 5 लाख रुपये की लागत से बन रहे सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर जनदर्शन में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए जांच एवं उचित कार्रवाई की मांग की है। विवाद बढ़ने के बाद फिलहाल निर्माण कार्य भी रोक दिया गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं किया जा रहा है। शिकायत में कहा गया है कि सीसी रोड असमतल और अव्यवस्थित तरीके से बनाई गई है, जबकि नाली निर्माण भी अधूरा छोड़ दिया गया है। इसके कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनने लगी है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही सीसी रोड में दरारें दिखाई देने लगी हैं, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उनका कहना है कि उपयोग किए जा रहे निर्माण सामग्री की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं है।

मोहल्लेवासियों के अनुसार नाली निर्माण को लेकर ग्राम विकास समिति की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें कार्य की रूपरेखा और आवश्यकताओं पर चर्चा हुई थी। लेकिन बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुरूप कार्य नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि उनके देव स्थल जैतखाम के आसपास भी अधूरी नाली के कारण गंदगी और जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए और यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

इधर ग्राम पंचायत पापरा के सरपंच लोकेश धुर्वे ने बताया कि निर्माण कार्य को लेकर कुछ आपत्तियां सामने आई हैं, जिनका निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दो-चार दिनों के भीतर निर्माण कार्य पुनः शुरू कराकर उसे गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि उक्त सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य पंचायत निर्माण एजेंसी के माध्यम से जिला योजना सांख्यिकी मद से लगभग 5 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। अब ग्रामीणों की शिकायत के बाद मामले पर प्रशासन की कार्रवाई और जांच का इंतजार किया जा रहा है।

You cannot copy content of this page