पार्षद निर्देश पटेल की पहल से वार्ड क्रमांक 9 में पेयजल समस्या का समाधान



अपनी निधि से कराया बोर खनन, पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई जल आपूर्ति

बालोद। नगर पालिका परिषद बालोद के वार्ड क्रमांक 9 में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या के समाधान के लिए पार्षद निर्देश पटेल ने अपनी निधि से बोर खनन कराकर सराहनीय पहल की है। बोर खनन पूर्ण होने के बाद विधिवत पूजा-अर्चना कर पेयजल व्यवस्था की शुरुआत की गई।

वार्ड के कुर्मी पारा क्षेत्र में पेयजल संकट के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। गर्मी के मौसम में समस्या और अधिक बढ़ गई थी। इसे देखते हुए पार्षद निर्देश पटेल ने तत्काल पहल करते हुए अपनी निधि से बोर खनन का कार्य कराया, जिससे अब क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त पानी मिलने लगा है।

पेयजल व्यवस्था शुरू होने के बाद वार्डवासियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई थी, लेकिन अब बोर खनन होने से राहत मिली है और दैनिक जरूरतों के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो रहा है।

बोर खनन कार्य पूर्ण होने के बाद पूजा-अर्चना कर जल स्रोत का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वार्ड के नागरिकों ने उपस्थित होकर क्षेत्र में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पार्षद निर्देश पटेल का आभार व्यक्त किया।

कुर्मी पारा के निवासियों ने कहा कि जनप्रतिनिधि द्वारा जनता की मूलभूत समस्या को प्राथमिकता देते हुए उसका समाधान किया जाना सराहनीय पहल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी वार्ड के विकास और जनसुविधाओं के लिए इसी तरह कार्य होते रहेंगे।

पार्षद निर्देश पटेल ने कहा कि वार्डवासियों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

You cannot copy content of this page