DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

ग्राम हल्दी में सेन समाज सामुदायिक भवन निर्माण का हुआ भूमिपूजन

विधायक कुंवर सिंह निषाद बोले – शिक्षा और संस्कार से ही समाज का होता है विकास

गुण्डरदेही। गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र के ग्राम हल्दी में सेन समाज सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक कुंवर सिंह निषाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विधिवत भूमिपूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि सेन (नाई) समाज एक सेवाभावी समाज है, जिसने पीढ़ियों से गांवों में सामाजिक और जनसेवा के कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समाज के लोगों ने हमेशा सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया है।

उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति शिक्षा और संस्कार पर निर्भर करती है। जिस समाज के बच्चे शिक्षित और संस्कारित होते हैं, वह समाज निरंतर विकास की ओर अग्रसर होता है। सेन समाज ने शिक्षा, सामाजिक और आर्थिक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, जो सराहनीय है।

विधायक ने बताया कि गुंडरदेही विधानसभा के तीनों विकासखंडों में सेन समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की गई है। इन भवनों के निर्माण से समाज को सामाजिक, सांस्कृतिक और संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि सामुदायिक भवन समाज की एकता और सामाजिक विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा आने वाली पीढ़ियों को भी इसका लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गुंडरदेही के अध्यक्ष कचरू साहू, उमेश कुमार सेन, रवि कुमार सेन, अश्वनी कटहरे, कन्हैयालाल साहू, टीकम सिंह, नंद कुमार साहू, नारायण श्रीवास, मनीष सेन, दीपेंद्र सेन, राजेंद्र सेन, माखन सेन, फूल सेन, ओमप्रकाश सेन, लोमस सेन, भूपेंद्र सेन एवं हेमंत श्रीवास सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों ने सामुदायिक भवन की स्वीकृति और निर्माण कार्य प्रारंभ होने पर विधायक कुंवर सिंह निषाद के प्रति आभार व्यक्त किया।

You cannot copy content of this page