DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

कांग्रेस के साथी अब ईवीएम पर भरोसा करें: संध्या अजेंद्र साहू

पलारी नगर पंचायत चुनाव परिणाम के बाद भाजपा ने साधा कांग्रेस पर निशाना

गुरूर/बालोद। नगर पंचायत पलारी चुनाव परिणाम के बाद ईवीएम को लेकर होने वाली राजनीतिक चर्चाओं के बीच जनपद पंचायत गुरूर की सभापति संध्या अजेंद्र साहू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि अब कांग्रेस नेताओं को ईवीएम पर भरोसा कर लेना चाहिए।

उन्होंने जारी बयान में कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक संस्कारवान पार्टी है, जहां मतदाताओं के मतदान और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ किसी प्रकार की दगाबाजी नहीं की जाती। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत पलारी का चुनाव परिणाम सबके सामने है और भाजपा जनता के निर्णय एवं आशीर्वाद को सहजता और सरलता से स्वीकार करती है।

संध्या साहू ने कहा कि यदि इस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी पराजित हो जाता तो संभवतः ईवीएम मशीनों पर सवाल उठाए जाते और भाजपा पर आरोप लगाए जाते कि मशीनों में गड़बड़ी की गई है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस प्रत्याशी चुनाव जीत सकता है तो ईवीएम पर सवाल उठाने का कोई औचित्य नहीं रह जाता।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को यह भी याद रखना चाहिए कि बालोद जिले में संजारी-बालोद विधानसभा क्षेत्र से संगीता सिन्हा, गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र से कुँवर सिंह निषाद तथा डौण्डीलोहारा विधानसभा क्षेत्र से अनिला भेड़िया जैसे कांग्रेस के जनप्रतिनिधि भी इन्हीं ईवीएम मशीनों के माध्यम से निर्वाचित हुए हैं।

संध्या साहू ने कहा कि जब कांग्रेस उम्मीदवार चुनाव जीतते हैं तब ईवीएम पर कोई सवाल नहीं उठाया जाता, लेकिन हार मिलने पर मशीनों पर संदेह व्यक्त किया जाता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है और सभी राजनीतिक दलों को उसका सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी दलों को जनता के जनादेश को स्वीकार करना चाहिए तथा अनावश्यक आरोप-प्रत्यारोप से बचना चाहिए।

You cannot copy content of this page