DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

रेंगाडबरी समिति में यूरिया संकट, बुआई से पहले 576 किसान चिंतित

खाद की कमी से बढ़ी किसानों की परेशानी, समिति के चक्कर लगाने को मजबूर

डौण्डी लोहारा/रेंगाडबरी। खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित रेंगाडबरी में यूरिया खाद की किल्लत से किसानों की चिंता बढ़ गई है। बुआई का समय नजदीक आने के बावजूद सैकड़ों किसानों को अब तक यूरिया उपलब्ध नहीं हो पाया है, जिससे क्षेत्र के किसान परेशान हैं।

समिति में कुल 1255 किसान पंजीकृत हैं, जिनमें से अब तक केवल 679 किसानों को ही यूरिया खाद का वितरण किया जा सका है। वहीं 576 किसान अभी भी खाद मिलने का इंतजार कर रहे हैं। खाद नहीं मिलने से किसान लगातार समिति के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।

किसानों का कहना है कि कृषि कार्य शुरू होने में मात्र 15 से 20 दिन का समय शेष है और धान की बुआई का मौसम तेजी से नजदीक आ रहा है। ऐसे में यदि समय पर यूरिया उपलब्ध नहीं हुआ तो खेती की तैयारियां प्रभावित होंगी और इसका सीधा असर फसल उत्पादन पर पड़ेगा।

क्षेत्र के किसानों ने बताया कि खरीफ फसल के लिए अभी से खेतों की तैयारी शुरू हो चुकी है। ऐसे समय में खाद की कमी बड़ी समस्या बन गई है। किसानों को आशंका है कि यदि बुआई से पहले पर्याप्त मात्रा में यूरिया नहीं मिला तो उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

समिति के प्रबंधक रुद्र नारायण देशमुख ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रति एकड़ के मान से एक बोरी यूरिया का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समिति को जितना स्टॉक प्राप्त हो रहा है, उसी के अनुसार पोर्टल के माध्यम से किसानों को खाद उपलब्ध कराया जा रहा है।

प्रबंधक ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि अगली रैक आते ही शेष सभी किसानों को भी यूरिया उपलब्ध करा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि खाद वितरण की प्रक्रिया लगातार जारी है और किसी भी किसान को वंचित नहीं रखा जाएगा।

इधर किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि धान की बुआई शुरू होने से पहले रेंगाडबरी समिति में पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और खेती-किसानी का कार्य समय पर पूरा हो सके।

रिपोर्ट : नेमन साहू, रेंगाडबरी, विकासखंड डौण्डी लोहारा

You cannot copy content of this page