
घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच, 14 तरह की फॉरेंसिक किट्स और आधुनिक उपकरणों से लैस है मोबाइल वैन
बालोद। अपराध जांच को और अधिक वैज्ञानिक, तेज एवं सटीक बनाने की दिशा में बालोद जिले को बड़ी सौगात मिली है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय एवं छत्तीसगढ़ शासन की पहल पर जिले को अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराई गई है। इस हाईटेक वैन के माध्यम से अब घटनास्थल पर ही वैज्ञानिक जांच, साक्ष्य संग्रहण और विश्लेषण किया जा सकेगा, जिससे जांच प्रक्रिया अधिक प्रभावी, पारदर्शी और विश्वसनीय बनेगी।
साक्ष्य खराब होने की संभावना होगी कम

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने बताया कि मोबाइल फॉरेंसिक वैन के जरिए घटनास्थल पर तत्काल वैज्ञानिक परीक्षण संभव होगा। इससे साक्ष्यों को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी और जांच की गुणवत्ता बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से न्याय प्रक्रिया को भी गति मिलेगी।
तकनीक आधारित पुलिसिंग को मिलेगी मजबूती

नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी ने कहा कि आधुनिक तकनीकों से लैस यह वैन पुलिस की कार्यक्षमता को नई मजबूती प्रदान करेगी। इससे आम जनता को त्वरित सहायता मिलेगी और सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
वहीं राज्य लघु वनोपज (व्यापार एवं विकास) सहकारी संघ मर्यादित के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीक आधारित पुलिसिंग बेहद जरूरी है। इससे अपराध जांच मजबूत होगी और जनता का न्याय व्यवस्था पर भरोसा बढ़ेगा।
घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच

वैज्ञानिक अधिकारी एफएसएल डॉ. स्मिता रानी भारदीय ने बताया कि मोबाइल फॉरेंसिक वैन में अत्याधुनिक जांच उपकरण और किट्स उपलब्ध हैं, जिनकी मदद से घटनास्थल पर ही विभिन्न प्रकार के साक्ष्यों की त्वरित और सटीक जांच की जा सकेगी।
14 प्रकार की आधुनिक फॉरेंसिक किट्स उपलब्ध

मोबाइल फॉरेंसिक वैन में निम्न प्रमुख फॉरेंसिक किट्स उपलब्ध कराई गई हैं—
- क्राइम सीन सुरक्षा किट
- सामान्य जांच किट
- साक्ष्य संग्रहण किट
- फिंगरप्रिंट जांच किट
- फुटप्रिंट एवं टायर मार्क किट
- फॉरेंसिक लाइट किट
- जैविक साक्ष्य (ब्लड/डीएनए) जांच किट
- नार्कोटिक्स जांच किट
- विस्फोटक जांच किट
- आगजनी जांच किट
- GSR एवं बैलिस्टिक जांच किट
हाईटेक उपकरणों से लैस वैन

वैन में माइक्रोस्कोप, लैपटॉप-प्रिंटर, CCTV कैमरा, डिजिटल वेटिंग मशीन, DSLR कैमरा, मिनी रेफ्रिजरेटर, LED स्क्रीन, GPS युक्त बॉडी कैमरा, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, बारकोड स्कैनर-प्रिंटर, जनरेटर, डिजिटल जांच किट और मैग्निफाइंग लेंस जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
अधिकारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक राजहरा विकास पाटले, डीएसपी राजेश बागड़े, डीएसपी श्रीमती श्रुति चक्रवर्ती, डीएसपी श्रीमती माया शर्मा, रक्षित निरीक्षक श्रीमती रेवती वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बालोद पुलिस का संदेश
🚔 त्वरित जांच
🔬 सटीक साक्ष्य
⚖️ वैज्ञानिक विश्लेषण
✅ सशक्त न्याय
