DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

भिलाई से निकले व्यक्ति का शव गांव के खेत में फांसी पर मिला, चिलमगोटा में सनसनी

दो साल बाद गांव पहुंचे रेवाराम निषाद ने खेत में लगाई फांसी, पुलिस जांच में जुटी

डौंडीलोहारा। वनांचल क्षेत्र के मंगचूआ थाना अंतर्गत ग्राम चिलमगोटा में एक व्यक्ति द्वारा खेत में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में सनसनी का माहौल है। मृतक की पहचान रेवाराम निषाद (56 वर्ष) निवासी ग्राम चिलमगोटा के रूप में हुई है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

भिलाई में परिवार के साथ रहता था मृतक

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रेवाराम निषाद पिछले लगभग नौ वर्षों से अपने परिवार के साथ भिलाई में रह रहा था। उसके परिवार में चार बेटियां और दो बेटे हैं, जिनमें से दो बेटियों का विवाह हो चुका है।

बताया गया कि मृतक पिछले दो वर्षों से गांव नहीं आया था। इससे पहले वर्ष 2024 में अपनी बेटी के विवाह कार्यक्रम में गांव पहुंचा था। ग्राम चिलमगोटा में उसका बड़ा भाई अशोक निषाद निवास करता है।

21 मई को घर से निकला, अगले दिन खेत में मिला शव

जानकारी के अनुसार 21 मई को रेवाराम निषाद भिलाई स्थित अपने घर से किसी काम से जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद 22 मई की दोपहर ग्राम चिलमगोटा स्थित उसके स्वयं के खेत में परसा पेड़ पर उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।

ग्रामीणों की आवाजाही के दौरान लोगों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

मंगचूआ पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही मंगचूआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना की सूचना परिजनों को भी दे दी गई।

शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मंगचूआ थाना प्रभारी अजीत महोबिया ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच विवेचना शुरू कर दी गई है तथा आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।

नेमन साहू की रिपोर्ट, डौंडीलोहारा

You cannot copy content of this page