भीषण गर्मी में घुमंतू जानवरों और पक्षियों के लिए आगे आए दल्लीराजहरा आईटीआई के प्रशिक्षणार्थी
दल्लीराजहरा। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच जहां इंसान भी राहत की तलाश में हैं, वहीं बेजुबान पशु-पक्षियों की पीड़ा को समझते हुए शासकीय आईटीआई दल्लीराजहरा के वेल्डर व्यवसाय के प्रशिक्षणार्थियों ने एक सराहनीय पहल की है। प्रशिक्षणार्थियों ने घुमंतू जानवरों और पक्षियों के लिए विशेष पेयजल टंकी का निर्माण कर मानवता और जीव दया का प्रेरणादायक संदेश दिया है।
गर्मी से बेहाल जीवों के लिए किया मानवीय प्रयास

व्यवसाय प्रशिक्षण अधिकारी विरेन्द्र कुमार बघेल एवं टिकेश्वर साहू के नेतृत्व में प्रशिक्षणार्थियों ने आईटीआई परिसर में जमीन खोदकर पॉलीथिन बिछाई और उसमें पानी भरकर पशु-पक्षियों के लिए पेयजल व्यवस्था तैयार की। इस दौरान परिसर में मौजूद गौमाता को पानी पिलाकर इस सेवा कार्य की शुरुआत की गई।
“हर जीव को जीने का अधिकार” का दिया संदेश
प्रशिक्षणार्थियों ने बताया कि वर्तमान समय में तेज गर्मी के कारण पशु-पक्षियों को पानी और छांव के लिए भटकना पड़ रहा है। कई बेजुबान जीव पानी के अभाव में दम तोड़ रहे हैं। ऐसे में यह छोटा सा प्रयास उनके प्रति संवेदना और दया भाव को जागृत करने वाला है।
समाज के लिए प्रेरणादायक पहल

आईटीआई के विद्यार्थियों की यह पहल न केवल सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण है, बल्कि युवाओं में जीवों के प्रति करुणा और पर्यावरण संरक्षण की भावना भी विकसित करती है। स्थानीय लोगों ने भी इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यदि हर व्यक्ति इस तरह छोटी-छोटी पहल करे तो गर्मी में हजारों बेजुबान जीवों की जान बचाई जा सकती है।
