
गुण्डरदेही स्टेशन में रोज बन रहे भयावह हालात, मजदूरों और कामकाजी यात्रियों ने अतिरिक्त कोच की उठाई मांग
गुण्डरदेही। अंतागढ़ से रायपुर जंक्शन तक चलने वाली ट्रेन क्रमांक 78816 इन दिनों यात्रियों की भारी भीड़ से जूझ रही है। हालत यह है कि गुण्डरदेही स्टेशन पहुंचते-पहुंचते ट्रेन पूरी तरह खचाखच भर जाती है और कई यात्रियों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। ट्रेन के दरवाजों पर लटककर यात्रा करते लोगों की तस्वीरें अब आम होती जा रही हैं।
मजदूर और कामकाजी लोग सबसे ज्यादा परेशान
जानकारी के अनुसार इस ट्रेन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मजदूर, छात्र एवं कामकाजी लोग सफर करते हैं। सुबह और शाम के समय ट्रेन में इतनी भीड़ हो जाती है कि यात्रियों को अंदर खड़े होने तक की जगह नहीं मिलती।
कई यात्रियों ने बताया कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों तथा निजी वाहनों के बढ़ते खर्च के कारण अब लोग ट्रेन यात्रा को ज्यादा सुरक्षित और सस्ता विकल्प मान रहे हैं। यही वजह है कि पिछले कुछ समय में यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ी है।
दरवाजों पर लटककर सफर, हर दिन हादसे का खतरा

भीड़ अधिक होने के कारण कई यात्री ट्रेन में चढ़ ही नहीं पाते, जबकि कुछ लोग मजबूरी में दरवाजों पर लटककर सफर करते नजर आते हैं। इससे हर दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
गुण्डरदेही स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने बताया कि यह समस्या अब रोज की हो गई है। कई बार महिलाएं, बुजुर्ग और छात्र भी भीड़ के कारण परेशान होते हैं।
रेलवे प्रशासन से अतिरिक्त डिब्बे जोड़ने की मांग
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि ट्रेन क्रमांक 78816 में अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जाएं, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।
प्रेम प्रकाश साहू, गुण्डरदेही रिपोर्टर
