राजहरा स्टेशन पर दिखा रेलवे अफसरों का मानवीय चेहरा, लोगों ने कहा— “ऐसे अधिकारी ही जनता का भरोसा जीतते हैं”
दल्ली राजहरा। रायपुर के लिए ट्रेन को ग्रीन सिग्नल मिल चुका था। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी अपनी बोगी में बैठ चुके थे और ट्रेन रवाना होने ही वाली थी। तभी स्टेशन पर सूचना मिली कि क्षेत्र के सक्रिय जनप्रतिनिधि एवं पूर्व जनपद सदस्य संजय बैंस अपने साथियों के साथ स्टेशन पहुंचे हैं। यह जानकारी मिलते ही डीआरएम दयानंद ने ट्रेन रुकवा दी और खुद प्लेटफॉर्म पर उतरकर संजय बैंस से मुलाकात करने पहुंच गए। रेलवे स्टेशन पर मौजूद लोगों ने इस आत्मीय और जनसरोकार से भरे व्यवहार की जमकर सराहना की।
अभिनंदन समारोह के बाद लौट रहे थे रेलवे अधिकारी
दरअसल, डीआरएम दयानंद और सीनियर डीसीएम अवधेश त्रिवेदी दल्ली राजहरा प्रवास पर पहुंचे थे। यहां नवभारत समाचार पत्र और जोश एंड राजा न्यूज एजेंसी द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में उन्होंने भाग लिया। समारोह में रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण, स्टेशन को भव्य स्वरूप देने तथा ट्रेनों में अतिरिक्त बोगी बढ़ाने जैसी मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अधिकारी ट्रेन से रायपुर रवाना हो रहे थे। इसी दौरान रेलवे सलाहकार सदस्य एवं पूर्व जनपद सदस्य संजय बैंस अपने साथियों और ग्रामीणों के साथ रेलवे से जुड़ी समस्याओं को लेकर स्टेशन पहुंचे।
“ऐसे जनप्रतिनिधि से मिलना जरूरी है” — डीआरएम

बताया गया कि एक संवाददाता राजा डहरवाल ने फोन पर सीनियर डीसीएम अवधेश त्रिवेदी को संजय बैंस के स्टेशन पहुंचने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संजय बैंस क्षेत्र में लगातार जनहित और विकास कार्यों के लिए सक्रिय रहते हैं।
यह सुनते ही डीआरएम दयानंद ने ट्रेन रुकवाने का निर्णय लिया और स्वयं प्लेटफॉर्म पर पहुंचकर संजय बैंस से मुलाकात की। इस दौरान संजय बैंस ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
डीआरएम ने उपस्थित लोगों से कहा कि—
“सीनियर डीसीएम से संजय बैंस की सक्रियता और जनसेवा के बारे में सुनकर मैं खुद उनसे मिलने से रुक नहीं पाया।”
राम जानकी सेवा समिति के कार्यों की हुई सराहना

मुलाकात के दौरान डीआरएम दयानंद ने राम जानकी सेवा समिति के सेवा कार्यों की भी खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि भीषण गर्मी में समिति और संजय बैंस ने रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुविधा के लिए कूलर लगवाए हैं। इस जनसेवा भावना से वे बेहद प्रभावित हुए।
जर्जर सड़क और खम्हार टोला की समस्या उठाई
संजय बैंस ने डीआरएम को ज्ञापन सौंपते हुए रेलवे क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि पुराना बाजार से रेलवे स्टेशन होते हुए नेशनल हाईवे तक सड़क बेहद जर्जर हो चुकी है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने सड़क के डामरीकरण की मांग रखी।
डीआरएम ने इस मांग पर सकारात्मक सहमति जताते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
इसके साथ ही खम्हार टोला से पहुंचे ग्रामीणों ने भी अपनी समस्या रखते हुए बताया कि गांव जाने वाले मार्ग पर रेलवे पटरी के दोनों ओर खंभे लगा दिए गए हैं। बरसात के समय नाले में पानी भरने से गांव का रास्ता पूरी तरह बंद हो जाता है, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने स्थायी समाधान की मांग की।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर ग्राम पंचायत कुसुमकसा के उप सरपंच नितिन जैन, राम जानकी सेवा समिति अध्यक्ष संतोष जैन, अशोक धर्मगुड़ी सहित खम्हार टोला के अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने सफल आयोजन के लिए नवभारत संवाददाता राजा डहरवाल का पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया।
रेलवे स्टेशन पर चर्चा का विषय बनी मुलाकात
ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद भी ट्रेन रुकवाकर डीआरएम का खुद प्लेटफॉर्म पर उतरना और जनप्रतिनिधि व ग्रामीणों से सीधे संवाद करना पूरे स्टेशन परिसर में चर्चा का विषय बना रहा। लोगों ने इसे प्रशासन और जनता के बीच बेहतर संवाद एवं संवेदनशील कार्यशैली का सकारात्मक उदाहरण बताया।











