“एक्के नंबर सबो बर – 112” के साथ पुलिस ने मजबूत की जनसुरक्षा व्यवस्था
बालोद। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी डायल-112 योजना के तहत बालोद जिले में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हाईटेक डायल-112 ईआरवी (Emergency Response Vehicle) वाहनों का शुभारंभ किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में इन आधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया।
आधुनिक तकनीक से लैस हैं नए ईआरवी वाहन
इन हाईटेक वाहनों में आधुनिक संचार प्रणाली, GPS ट्रैकिंग सिस्टम, वायरलेस नेटवर्क एवं त्वरित रिस्पांस सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से सड़क दुर्घटना, महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, विवाद, चिकित्सा आपात स्थिति एवं अन्य आकस्मिक घटनाओं में कम समय में सहायता पहुंचाई जा सकेगी।
शहर में 10 मिनट, गांव में 30 मिनट रिस्पांस का लक्ष्य

बालोद पुलिस द्वारा डायल-112 योजना के तहत शहर क्षेत्रों में 10 मिनट एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर रिस्पांस देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षित पुलिस टीम घटनास्थल पर शीघ्र पहुंचकर आम नागरिकों को तत्काल सहायता एवं सुरक्षा प्रदान करेगी।
एसपी बोले – अब अलग-अलग नंबर याद रखने की जरूरत नहीं

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल ने कहा कि “एक्के नंबर सबो बर – 112” व्यवस्था के तहत आमजन को किसी भी आपात स्थिति में अलग-अलग नंबर याद रखने की आवश्यकता नहीं है। केवल 112 डायल कर पुलिस, चिकित्सा एवं अन्य आपात सेवाओं की सहायता तुरंत प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि यह सेवा आम जनता और पुलिस के बीच विश्वास को और मजबूत करने का कार्य करेगी।
त्वरित और सरल सहायता देना प्राथमिकता – एएसपी मोनिका ठाकुर
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर ने कहा कि डायल-112 के माध्यम से नागरिकों को सरल, सुलभ और त्वरित सहायता उपलब्ध कराना बालोद पुलिस की प्राथमिकता है। अब किसी भी आपात स्थिति में सिर्फ एक नंबर 112 डायल कर हर प्रकार की सहायता प्राप्त की जा सकेगी।
वरिष्ठ अधिकारी, स्कूली बच्चे और नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में श्री अभिषेक अग्रवाल (DFO बालोद), श्री चंद्रकांत कौशिक (अपर कलेक्टर), श्रीमती मधुलिका तिवारी (जिला शिक्षा अधिकारी), डीएसपी श्री बोनीफास एक्का, डीएसपी श्री राजेश बागड़े, डीएसपी श्रीमती माया शर्मा, डीएसपी श्रीमती श्रुति सिंह, रक्षित निरीक्षक श्रीमती रेवती वर्मा, यातायात प्रभारी श्री रविशंकर पाण्डेय, बालोद कोतवाली प्रभारी श्री शिशुपाल सिन्हा, निरीक्षक श्री मुकेश सिंह सहित पुलिस स्टाफ, मीडिया प्रतिनिधि, स्कूली बच्चे एवं आम नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
हर आपात स्थिति के लिए सिर्फ एक नंबर – 112

बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की दुर्घटना, अपराध, विवाद, महिला सुरक्षा या चिकित्सा आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 पर संपर्क करें और सुरक्षित एवं जागरूक समाज निर्माण में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
मुख्य बिंदु
- हाईटेक डायल-112 ईआरवी वाहनों का शुभारंभ
- GPS ट्रैकिंग एवं आधुनिक संचार प्रणाली से लैस वाहन
- शहर में 10 मिनट और ग्रामीण क्षेत्र में 30 मिनट रिस्पांस लक्ष्य
- सड़क दुर्घटना, महिला सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण में मिलेगी त्वरित सहायता
🚓 बालोद पुलिस
◆ आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प ◆
