DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

भाजपा का ‘दीनदयाल प्रशिक्षण महाभियान’ बना संगठन शक्ति का मंच, AI से लेकर बूथ प्रबंधन तक कार्यकर्ताओं को मिला विशेष प्रशिक्षण

बालोद में दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन, युवाओं और महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही आकर्षण का केंद्र

बालोद। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित जिला प्रशिक्षण वर्ग “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026” के द्वितीय दिवस का आयोजन चुरंगिया भवन, पाकुर भाट बालोद में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत योग, प्रार्थना तथा मां भारती, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद वंदे मातरम् एवं संगठन गीत के माध्यम से कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया।

गरीब कल्याण योजनाओं से लेकर संगठन की भूमिका पर प्रशिक्षण

द्वितीय दिवस के प्रथम सत्र में भाजपा छत्तीसगढ़ की प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू ने “अपनी सरकारों की गरीब कल्याण योजनाएं एवं उनके क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका” विषय पर कार्यकर्ताओं को विस्तृत जानकारी दी।

मीडिया और सोशल मीडिया प्रबंधन पर विशेष फोकस

दूसरे सत्र में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने “मीडिया प्रबंधन” विषय पर कार्यकर्ताओं को मीडिया की भूमिका एवं प्रभावी संवाद के बारे में जानकारी दी।

इसके बाद भाजपा आईटी सेल के प्रदेश सहसंयोजक प्रमोद सिंह ने “स्थायी कार्यक्रम, बूथ प्रबंधन, मन की बात एवं आईटी सेल” विषय पर प्रशिक्षण प्रदान किया।

वहीं भाजपा सोशल मीडिया के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य योगेश साहू ने “सोशल मीडिया का उपयोग, नई तकनीक AI, प्रभावी सूचना तंत्र एवं संगठन के सकारात्मक परसेप्शन निर्माण” विषय पर विस्तार से जानकारी साझा की।

कार्य विस्तार और संगठन मजबूती पर चर्चा

भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू ने “कार्य विस्तार” विषय पर मार्गदर्शन देते हुए संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर दिया।

अंतिम सत्र में प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी शिरीष अग्रवाल ने लाभार्थी संपर्क, सोशल मीडिया, आईटी सेल, AI मातृशक्ति समूह, कार्यालय एवं कोष प्रबंधन, मीडिया प्रबंधन और नैरेटिव निर्माण जैसे विषयों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया।

डिजिटल सर्टिफिकेट और मूल्यांकन बना आकर्षण

प्रशिक्षण वर्ग की विशेष बात यह रही कि प्रतिभागियों को डिजिटल साक्षरता एवं मूल्यांकन प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्रतिभागियों को डिजिटल सर्टिफिकेट वितरित किए गए तथा परीक्षा प्रमुखों द्वारा मूल्यांकन प्रक्रिया भी अपनाई गई।

प्रदर्शनी में दिखी भाजपा की विकास यात्रा

कार्यक्रम के दौरान पार्टी के इतिहास एवं विकास यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया, जिसमें चित्रों और जानकारी के माध्यम से भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।

युवाओं और महिला कार्यकर्ताओं की रही सक्रिय भागीदारी

प्रशिक्षण वर्ग में युवाओं की सक्रिय भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। युवा कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और समाज सेवा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प लिया।

वहीं महिला कार्यकर्ताओं ने संगठन विस्तार एवं सामाजिक जागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

11 सत्रों के साथ दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग संपन्न

पूरे प्रशिक्षण वर्ग का संचालन जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव द्वारा किया गया। दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग में कुल 11 सत्र आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के समापन पर ध्वज अवतरण एवं राष्ट्रगान के बाद सभी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक जलपान किया और संगठन कार्य को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

You cannot copy content of this page