धमतरी में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा आयोजित हुआ सम्मान समारोह

धमतरी। विश्व नर्स दिवस के अवसर पर इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा धमतरी द्वारा जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत नर्सों का सम्मान किया गया। इस दौरान नर्सों को बुके एवं पेन भेंट कर उनके समर्पण, सेवा भावना और मानवता के प्रति योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में रेडक्रॉस चेयरमैन शिवा प्रधान, जिला संगठक आकाश गिरी गोस्वामी, जिला प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य गुरुशरण साहू, प्रेमशंकर चौबे, खोमनलाल साहू, आजीवन सदस्य रितु प्रधान, मोहिनी साहू रेडक्रॉस, हेमकृष्ण साहू सहित अन्य पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
“नर्सें स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत आधारशिला”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं, जो दिन-रात मरीजों की सेवा में तत्पर रहती हैं। उनका योगदान केवल उपचार तक सीमित नहीं होता, बल्कि मरीजों को मानसिक संबल और आत्मविश्वास देने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
सेवा कार्यों की सराहना

रेडक्रॉस टीम ने नर्सों के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इस अवसर पर नर्सों ने भी अपने अनुभव साझा किए और रेडक्रॉस द्वारा किए गए सम्मान के लिए आभार जताया।
कार्यक्रम में रेडक्रॉस के पदाधिकारी, जूनियर एवं यूथ रेडक्रॉस के स्वयंसेवक तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सम्मान समारोह का माहौल उत्साह, सम्मान और सेवा भावना से ओतप्रोत रहा।
