
परसदा (डंग) की बेटी की सफलता से जिले में खुशी की लहर, 30 जून को करेंगी प्रशिक्षण ज्वाइन
बालोद/अण्डा। बालोद जिले के गुण्डरदेही विकासखंड अंतर्गत ग्राम परसदा (डंग) की बेटी हर्षिका साहू ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अग्निवीर एयर फोर्स भर्ती परीक्षा में छत्तीसगढ़ स्तर पर प्रथम रैंक प्राप्त कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
हर्षिका साहू, ग्राम परसदा (डंग) निवासी हेमंत साहू की पुत्री हैं। भारतीय वायु सेना के अग्निवीर एयर फोर्स में चयनित होने के बाद वे आगामी 30 जून को प्रशिक्षण के लिए ज्वाइन करेंगी। यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है बल्कि जिले की बेटियों के लिए प्रेरणा का उदाहरण भी बन गई है।
परिवारजनों ने बताया कि हर्षिका शुरू से ही पढ़ाई के साथ अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रही हैं। बचपन से ही उनके मन में देश सेवा की भावना थी और उसी संकल्प को उन्होंने अपनी मेहनत के बल पर साकार किया है।
हर्षिका की सफलता पर क्षेत्र के अनेक लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष डीगेंद्र हिरवानी, चंद्रशेखर हरमुख, योगेश चंद्राकर, दिवाकर गायकवाड़, डॉ. पिलेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में लोगों ने बधाई दी। वहीं महिलाओं में नीलम चंद्राकर, खिलेश्वरी साहू एवं कल्पना साहू सहित अन्य लोगों ने भी हर्षिका को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।
ग्रामीणों ने कहा कि हर्षिका साहू की उपलब्धि यह संदेश देती है कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां भी अवसर मिलने पर बड़े से बड़े लक्ष्य हासिल कर सकती हैं। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बनेगी और क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी आगे बढ़ने का हौसला देगी।
“मेहनत, अनुशासन और देश सेवा का सपना — यही सफलता की असली उड़ान है।”
संजय साहू की रिपोर्ट












