बालोद।
जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बालोद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध रूप से गांजा बिक्री के लिए रखे आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 2.010 किलोग्राम गांजा एवं एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश कुमार पटेल के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बालोद बोनीफास एक्का एवं थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा ने किया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की दबिश
पुलिस के अनुसार 25 जून 2026 को सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक 09 मरारपारा, बालोद स्थित एक मकान में अवैध रूप से गांजा बिक्री के लिए रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार कार्रवाई की।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम राजदीप शर्मा (47 वर्ष) बताया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने उड़ीसा के नुआपाड़ा क्षेत्र से गांजा लाकर बिक्री के उद्देश्य से रखने की बात स्वीकार की।
गांजा और मोबाइल किया गया जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2.010 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 500 रुपये बताई गई है। साथ ही एक सैमसंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर अपराध क्रमांक 303/2026 कायम किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कार्रवाई में पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक इन्द्रजीत सिदार, आश्मा कुर्रे, आरक्षक संजय सोनी, खिलेश नेताम, मनोज चंद्रा, लिखन आर्य, महिला आरक्षक पूर्णिमा ठाकुर, ममता एवं वेदप्रकाश भुआर्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में अभियान लगातार जारी रखा जा सके।












