भाजपा जिला कार्यालय बालोद में आयोजित प्रेस वार्ता में लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और संविधान की रक्षा पर हुई चर्चा
बालोद। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय जुंगेरा, बालोद में बुधवार को 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल की 51वीं बरसी के अवसर पर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित पूर्व सांसद एवं छत्तीसगढ़ राज्य भंडारण निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे विवादास्पद और काला अध्याय बताते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चुनौतीपूर्ण दौर बताया।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए चंदूलाल साहू ने कहा कि 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल के दौरान तत्कालीन सरकार द्वारा सत्ता बचाने के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं, संविधान और नागरिकों के मौलिक अधिकारों पर प्रभाव पड़ा। उन्होंने कहा कि देश को इस ऐतिहासिक घटना को सदैव स्मरण रखना चाहिए क्योंकि लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान ने लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना के मार्ग को मजबूत किया।
उन्होंने कहा कि आपातकाल की घटनाओं और उससे मिलने वाली सीख को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है ताकि भविष्य में लोकतांत्रिक व्यवस्था पर किसी प्रकार का आघात दोहराया न जा सके।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि उस अवधि में देशभर के विपक्षी नेताओं, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और लोकतंत्र समर्थकों को जेल में बंद किया गया, प्रेस पर सेंसरशिप लागू की गई तथा विभिन्न संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव की स्थिति बनी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले हजारों लोगों के योगदान को देश हमेशा याद रखेगा।
उन्होंने कहा कि उस दौर में नागरिक अधिकारों और प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाए गए तथा अनेक राजनीतिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण, अटल बिहारी वाजपेई और लालकृष्ण आडवाणी सहित कई विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार किया गया था।
चंदूलाल साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा आपातकाल से जुड़े विषयों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनजागरूकता को मजबूत किया जा सके।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं होता, बल्कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, नागरिक अधिकारों और संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता से मजबूत होता है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष कृष्णकांत पवार, पूर्व विधायक प्रीतम साहू, जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव, जिला उपाध्यक्ष पवन सोनबरसा, जिला मंत्री प्रेम साहू, जिला प्रवक्ता जितेंद्र साहू, जिला मीडिया प्रभारी कमल पनपालिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












