DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में बालोद का प्रतिनिधित्व, व्याख्याता नेमसिंह साहू ने लिया प्राथमिक चिकित्सा स्पेशल कोर्स प्रशिक्षण

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य स्तरीय शिविर में पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण, आपदा प्रबंधन से नेतृत्व विकास तक मिले व्यावहारिक अनुभव

बालोद। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स राज्य कार्यालय के निर्देशानुसार राज्य प्रशिक्षण केंद्र झांकी (अभनपुर), जिला रायपुर में 18 जून से 22 जून 2026 तक आयोजित राज्य स्तरीय स्पेशल कोर्स प्रशिक्षण शिविर में बालोद जिले से व्याख्याता एवं डीओसी (स्काउट) नेमसिंह साहू ने भाग लेकर जिले का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने प्राथमिक चिकित्सा (फर्स्ट एड) स्पेशल कोर्स का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

यह प्रशिक्षण भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला बालोद के जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव, जिला शिक्षा अधिकारी दीपक दुबे, प्राचार्य अरुण कुमार साहू के मार्गदर्शन तथा जिला सचिव के.एल. गजेन्द्र एवं डीओसी गाइड प्रेमलता चंद्राकर के निर्देशन में संपन्न हुआ।

शिविर में प्राथमिक चिकित्सा, योग ट्रेनर, बैज एग्जामिनर एवं इंस्ट्रक्टर तथा ट्रेनिंग काउंसलर जैसे विषयों पर विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान केशरीन बेग (एएलटी रेंजर लीडर) प्रशिक्षक के रूप में शामिल रहीं।

व्यावहारिक प्रशिक्षण से प्रतिभागियों ने सीखे जीवन रक्षक कौशल

पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में प्राथमिक चिकित्सा कोर्स के शिविर संचालक संतोष साहू, सहायक संचालक सुनील देशलहरे एवं अनीता साहू ने राज्य एवं अन्य प्रदेशों से आए लगभग 40 प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्राथमिक सहायता, फर्स्ट एड बॉक्स, प्राथमिक सहायक के गुण, जलने, फफोले, कटने, घाव का उपचार, मोच, डंक लगने, काटने, नकसीर रोकने, हड्डी टूटने अथवा चोट लगने पर पट्टी बांधने की विधि, रक्तदान, रक्त समूह, टेंट पिचिंग, गैजेट्स निर्माण, ब्रिज निर्माण, ड्रेसिंग, बीपी सिक्स, स्काउटिंग फंडामेंटल्स एवं पायनियरिंग प्रोजेक्ट जैसे विषयों पर लाइव एवं व्यावहारिक सत्रों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया।

इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को नेतृत्व क्षमता, आपदा प्रबंधन, सामुदायिक सेवा और त्वरित सहायता कौशल विकसित करने का अवसर मिला।

स्काउट-गाइड बच्चों तक पहुंचेगा प्रशिक्षण का लाभ

नेमसिंह साहू ने बताया कि शिविर में प्राप्त विशेष प्रशिक्षण को जिले के स्काउट-गाइड बच्चों तक पहुंचाया जाएगा ताकि उन्हें राज्य पुरस्कार एवं राष्ट्रपति पुरस्कार जैसी उपलब्धियों के लिए बेहतर तरीके से तैयार किया जा सके। साथ ही विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा भावना और व्यवहारिक कौशल का विकास किया जा सके।

योग, संस्कृति और शिविर महाज्वाल रहा आकर्षण

शिविर के दौरान अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कराया गया। अंतिम दिन सर्वधर्म प्रार्थना के बाद योगाचार्य डॉ. सी.एल. सोनवानी ने योग क्रियाओं का प्रदर्शन कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

वहीं अंतिम दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित ‘शिविर महाज्वाल’ (कैंप फायर) कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम में विभिन्न पेट्रोल्स द्वारा छत्तीसगढ़ी, झारखंडी, हरियाणवी, राजस्थानी, पंजाबी एवं संबलपुरी लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां दी गईं।

कार्यक्रम को राज्य प्रशिक्षण आयुक्त पूनम साहू, सरिता पाण्डे, राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) जलवती साहू, एलओसी संतोष साहू, पवन नायक, सहायक एलओसी शंकर लाल साहू, सुनील देशलहरे, लीना वर्मा, सरोजिनी यादव, शशिकला सोनी एवं बेग ने भी संबोधित किया।

समापन अवसर पर सभी सफल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

नेमसिंह साहू की इस उपलब्धि पर डीटीसी सीमा साहू, भुवन सिन्हा, संयुक्त सचिव मधुमाला कौशल, कोषाध्यक्ष सत्यवान पिपरिया सहित समस्त विकासखंड सचिव, संयुक्त सचिव, स्काउटर-गाइडर एवं पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।

You cannot copy content of this page