DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बालोद जिले के पुल-पुलिया निर्माण को जल्द स्वीकृति देने की मांग, उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मिले भाजपा नेता

5132.86 लाख रुपये के प्रस्तावित कार्यों को प्रशासनिक मंजूरी दिलाने सौंपा मांगपत्र

बालोद। जिले में लंबे समय से प्रस्तावित पुल-पुलिया निर्माण कार्यों को गति देने की मांग को लेकर भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन एवं भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के बजट में शामिल महत्वपूर्ण पुल-पुलिया निर्माण कार्यों को शीघ्र प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने की मांग करते हुए मांगपत्र सौंपा।

सौंपे गए मांगपत्र में जिला बालोद के गुण्डरदेही विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सांकरी–कमरौद मार्ग पर तांदुला नदी में 2442.68 लाख रुपये, तिलखैरी–देवरी मार्ग पर तांदुला नदी में 1513.06 लाख रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य शामिल हैं।

इसी प्रकार डौण्डीलोहारा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पिपरखार–मरईटोला मार्ग पर खरखरा नाला में 540.26 लाख रुपये, कुसुमकसा–रेलवे स्टेशन मार्ग में 424.92 लाख रुपये तथा चिपरा से किल्लेकोड़ा मार्ग के जूझारा नाला में 211.94 लाख रुपये की लागत से पुल-पुलिया निर्माण कार्यों को भी शीघ्र स्वीकृति देने की मांग की गई। इन सभी प्रस्तावित कार्यों की कुल अनुमानित लागत 5132.86 लाख रुपये बताई गई है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि इन पुल-पुलियों के निर्माण से बरसात के समय ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की समस्या काफी हद तक दूर होगी। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज आने-जाने में राहत मिलेगी तथा मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क मुख्य मार्गों से मजबूत होगा और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।

जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बजट में शामिल ये पुल-पुलिया क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग हैं और इनके पूर्ण होने से हजारों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने जनहित से जुड़े इन कार्यों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन देते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही।

You cannot copy content of this page