DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

संकुल पटेली के सभी विद्यालयों में हर्षोल्लास से मनाया गया शाला प्रवेशोत्सव, नवप्रवेशी बच्चों का तिलक कर किया स्वागत

खीर-पूड़ी से मुंह मीठा, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक और गणवेश वितरण के साथ बच्चों का किया अभिनंदन

डौंडी। वनांचल विकासखंड डौंडी के संकुल केंद्र पटेली अंतर्गत संचालित समस्त प्राथमिक, माध्यमिक एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में बुधवार को शाला प्रवेशोत्सव उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी बच्चों का पारंपरिक तरीके से स्वागत कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर ग्राम पेंड्री, पचेड़ा, पटेली, परसोदा एवं मड़ियाकट्टा के पालकों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र की जनपद सदस्य श्रीमती रत्ना हिरवाणी, श्री पुनीत राम सेन सहित अन्य गणमान्य नागरिकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यालयों में कक्षा पहली, कक्षा छठवीं एवं कक्षा नवमी में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। बच्चों को खीर-पूड़ी खिलाकर मुंह मीठा कराया गया तथा उन्हें गणवेश एवं स्कैनयुक्त निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया।

उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासित रहकर अध्ययन करने तथा शिक्षा के माध्यम से बेहतर भविष्य निर्माण करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर संकुल प्रभारी श्री जे. एल. भुआर्य ने शासन की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी देते हुए सरस्वती साइकिल योजना, छात्रवृत्ति एवं मध्यान्ह भोजन योजना के बारे में विस्तार से बताया।

वहीं संकुल समन्वयक बसंतमणी साहू ने विद्यालयों में भयमुक्त वातावरण निर्माण, कक्षा स्तर की लक्षित दक्षता प्राप्त करने के उपाय तथा बेहतर शिक्षण व्यवस्था पर जानकारी साझा की। उन्होंने सभी शिक्षकों को पालक संपर्क अभियान के माध्यम से 100 प्रतिशत बच्चों का प्रवेश सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान शाला परिवार की ओर से उपस्थित अतिथियों एवं पालकों के लिए आंशिक न्यौता भोज का आयोजन भी किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष गौरी शोरी, पूजा गोस्वामी, कौशल कुमेटी, पुरुषोत्तम सेन, थानेश्वरी ठाकुर, ईश्वर लाल ठाकुर, महेश कुमार, सरपंच तीजन कृशान, बाबूलाल सिहारे, बलराम कुमेटी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में संस्था प्रमुख गोपिका राजपूत, योगेश कुमार, विद्याभूषण भुआर्य, सुनीता शर्मा, संध्या कुलदीप, झुमुकलाल मसियारे, त्रिवेणी चौरका, वरिष्ठ व्याख्याता बीसे लाल साहू सहित समस्त शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं पालक बड़ी संख्या में शामिल हुए।

विद्यालयों में शाला प्रवेशोत्सव के सफल आयोजन हेतु बीईओ श्री प्रवीण चतुर्वेदी, बीआरसी श्री सच्चिदानंद शर्मा, संकुल प्राचार्य श्री जनक लाल भुआर्य एवं संकुल समन्वयक बसंतमणी साहू का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

You cannot copy content of this page