DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बालोद की बेटियों ने बढ़ाया जिले का मान, वेटलिफ्टिंग में स्वर्ण जीतने वाली खिलाड़ियों का जिला प्रशासन ने किया सम्मान

बालोद, 25 जून 2026।
बालोद जिले की खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर प्रदेश और देश स्तर पर अपनी क्षमता का प्रदर्शन करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया है। वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली दो महिला खिलाड़ियों को आज जिला प्रशासन बालोद द्वारा सम्मानित किया गया।

संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, अपर कलेक्टर एवं प्रभारी जिला खेल अधिकारी श्री चंद्रकांत कौशिक तथा डिप्टी कलेक्टर एवं सहायक जिला खेल अधिकारी श्रीमती प्राची ठाकुर ने खिलाड़ियों को मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र, श्रीफल एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

ऑल इंडिया सिविल सर्विस प्रतियोगिता में अनीता शिंदे ने जीता स्वर्ण

उल्लेखनीय है कि चंडीगढ़ में आयोजित ऑल इंडिया सिविल सर्विस 2026 प्रतियोगिता में बालोद जिले की वेटलिफ्टिंग खिलाड़ी अनीता शिंदे ने 86 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।

प्रशिक्षक की शिष्या ने भी दोहराई सफलता

अनीता शिंदे के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली खिलाड़ी कुमारी विनीता ठाकुर ने भी जिले को गौरवान्वित किया। उन्होंने रायपुर में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में वेटलिफ्टिंग की 77 किलोग्राम भार वर्ग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर बालोद जिले का नाम रोशन किया।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर

सम्मान समारोह के दौरान अधिकारियों ने कहा कि जिले के खिलाड़ी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और आने वाले समय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों की उपलब्धियां जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं और इससे अन्य खिलाड़ी भी खेलों के प्रति प्रोत्साहित होंगे।

जिला प्रशासन ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि को जिले के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए भविष्य में भी हर संभव सहयोग और प्रोत्साहन देने की बात कही।

You cannot copy content of this page