DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जगन्नाथपुर में अवैध रेत भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, मिनी स्टेडियम और बांध किनारे रखी रेत जब्त

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर खनिज विभाग सक्रिय, संबंधित पक्षों से मांगे गए वैध दस्तावेज

बालोद। जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन और विशेष रूप से रेत के अवैध भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर खनिज निरीक्षक शशांक सोनी ने ग्राम जगन्नाथपुर में लंबे समय से भंडारित रेत पर जब्ती की कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, जगन्नाथपुर के मिनी स्टेडियम परिसर तथा बांध किनारे अवैध रूप से भंडारित रेत को खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और पंचनामा तैयार करते हुए जब्ती की कार्रवाई की।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पूरण साहू पिता फागुराम एवं टिकेश साहू पिता भागीराम द्वारा भंडारित रेत के संबंध में कार्रवाई की गई है। विभाग द्वारा दोनों पक्षों को रेत की खरीदी, बिक्री एवं परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

बताया जा रहा है कि जिले में वर्तमान समय में प्रधानमंत्री आवास निर्माण सहित अन्य निर्माण कार्यों में रेत की मांग बढ़ने के कारण कई क्षेत्रों में कीमतों में वृद्धि और अवैध भंडारण की शिकायतें सामने आ रही थीं। ऐसे मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन और खनिज विभाग द्वारा निगरानी बढ़ाते हुए कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई के दौरान सरपंच देव कुंवर कोसमा, उपसरपंच मनोज कुमार सुकतेल, पंच यशवंत डोंगरे, कोटवार उत्तम मिथलेश सहित अन्य ग्रामीण एवं विभागीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

You cannot copy content of this page