रेवतीनवागांव (कोहंगाटोला) में गोंडवाना समाज की महिलाओं ने आयोजित किया कार्यक्रम
बालोद। ग्राम रेवतीनवागांव (कोहंगाटोला) में गोंडवाना समाज की महिलाओं द्वारा वीरांगना रानी दुर्गावती बलिदान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं की बड़ी सहभागिता देखने को मिली, जहां समाज, संस्कृति, अधिकार और महिला नेतृत्व जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य पूजा वैभव साहू उपस्थित रहीं। वहीं विशेष अतिथि के रूप में जनपद सदस्य भुनेश्वरी चंद्राकर, सरपंच देवकी ठाकुर, गोंडवाना महिला प्रभाग अध्यक्ष रमशील तुमरेकी सहित ग्रामीणजन, महिला संगठन की पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूजा वैभव साहू ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं और समाज में नेतृत्व की नई पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर सामाजिक सद्भाव, प्रेरणादायी मूल्यों और सकारात्मक परिवर्तन के साथ आगे बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि आज गांवों से लेकर पंचायत, जनपद, जिला और विधानसभा स्तर तक महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
ग्रामीण महिलाओं की सहभागिता की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की महिलाओं की सक्रियता प्रेरणादायक है और आज गांव की हर महिला वीरांगना रानी दुर्गावती के साहस, आत्मसम्मान और संघर्ष की भावना से प्रेरणा ले रही है।
उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन के संरक्षण, अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता तथा प्रकृति से जुड़ाव समाज के भविष्य को मजबूत बनाने की दिशा तय करते हैं। महिलाओं की भागीदारी केवल सामाजिक भूमिका तक सीमित नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरक आधार भी तैयार कर रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने वीरांगना रानी दुर्गावती के जीवन, संघर्ष और योगदान को याद करते हुए सामाजिक एकता और महिला जागरूकता का संदेश दिया।












