बारिश में कीचड़ और गड्ढों से बढ़ा खतरा, ग्रामीणों ने जल्द मरम्मत की उठाई मांग
अण्डा,संजय साहू। दुर्ग से बालोद को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर स्थित ग्राम चंदखुरी के केनाल पारा में सड़क की बदहाल स्थिति लोगों के लिए परेशानी और दुर्घटना का कारण बनती जा रही है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि पीएचई विभाग द्वारा सड़क को खोदने के बाद मरम्मत कार्य अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार विभाग द्वारा डामरीकरण सड़क को खोदने के बाद केवल मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया। लगातार बारिश होने से वहां कीचड़ और गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिसके कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को आवाजाही में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन के समय किसी तरह सावधानी के साथ लोग निकल जाते हैं, लेकिन रात के समय सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती, जिससे दुर्घटना की आशंका और अधिक बढ़ जाती है।
यह मार्ग क्षेत्र का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग माना जाता है, जहां से प्रतिदिन स्कूल जाने वाले बच्चे, किसान, मजदूर और बड़ी संख्या में आम नागरिक आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क की यह स्थिति लोगों के लिए लगातार चिंता का विषय बनी हुई है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कार्य प्रारंभ होने के बाद विभाग द्वारा समय पर सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे आम जनता को जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों एवं राहगीरों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मामले में तत्काल संज्ञान लेकर सड़क की मरम्मत कराई जाए तथा संबंधित विभाग की जवाबदेही तय की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।
ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्यों के साथ सुरक्षा और गुणवत्ता भी उतनी ही जरूरी है, ताकि आम लोगों को सुविधा मिले, परेशानी नहीं।












