DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

धूमधाम से हुआ ब्रह्माकुमारीज शिवदर्शन आध्यात्मिक मेले का उद्घाटन

पहले ही दिन उमड़ी भारी भीड़, 40 फीट ऊंचा शिवलिंग बना आकर्षण का केंद्र

बालोद। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, आत्मज्ञान भवन आमापारा बालोद द्वारा आयोजित शिवदर्शन आध्यात्मिक मेले का उद्घाटन शुक्रवार को भव्य और आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। मेले के पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिससे आयोजन शहर में चर्चा का विषय बना रहा।


नारी शक्ति के कर कमलों से हुआ मेले का शुभारंभ

नारी सशक्तिकरण का संदेश देते हुए मेले का उद्घाटन विभिन्न महिला अतिथियों के करकमलों से किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, भाजपा प्रदेश मंत्री संध्या परगनिया, माहेश्वरी समाज अध्यक्ष प्रेमा काबरा, उपाध्यक्ष संगीता टुवानी, महार समाज प्रदेश उपाध्यक्ष तुलसी डोंगरे तथा कुर्मी समाज अध्यक्ष प्रीति अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहीं।


40 फीट ऊंचा शिवलिंग बना मुख्य आकर्षण

मेले में स्थापित 40 फीट ऊंचा शिवलिंग श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसके साथ ही पूरे भारत के द्वादश ज्योतिर्लिंगों का दर्शन एक ही स्थान पर कराने की विशेष व्यवस्था भी की गई है, जिससे श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है।


धर्म, आध्यात्म, टेक्नोलॉजी और मनोरंजन का अनोखा संगम

शिवदर्शन आध्यात्मिक मेले में धर्म, आध्यात्म, आधुनिक तकनीक और मनोरंजन का सुंदर समन्वय देखने को मिल रहा है। मेले में “माइंड स्पा” जैसे विशेष पैनल भी तैयार किए गए हैं, जहां आगंतुकों को मानसिक शांति और तनावमुक्त जीवन के उपाय बताए जा रहे हैं।


राजयोग मेडिटेशन से आत्मिक शांति का संदेश

ब्रह्माकुमारीज दुर्ग की मुख्य संचालिका बी.के. रीटा ने कहा कि परमात्मा ज्योति स्वरूप हैं और शिवलिंग के माध्यम से उनकी पूजा की जाती है। जब मनुष्य का परमात्मा से संबंध जुड़ता है, उसी प्रक्रिया को राजयोग मेडिटेशन कहा जाता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से मेले में पहुंचकर आध्यात्मिक लाभ लेने की अपील की।


ब्रह्माकुमारीज के कार्यक्रम से मिलता है आत्मिक सुकून

नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज के कार्यक्रम में शामिल होना ईश्वर की गोद में बैठने जैसा सुकून देता है। वहीं संध्या परगनिया ने कहा कि हम सभी परमपिता परमेश्वर के अंश हैं और आत्मा की निर्मलता बनाए रखना आवश्यक है।

प्रेमा काबरा ने ऐसे आयोजनों को आत्मिक प्रसन्नता के लिए आवश्यक बताया, जबकि संगीता टुवानी ने ब्रह्माकुमारीज द्वारा किए जा रहे आत्मजागृति के कार्यों की सराहना की। तुलसी डोंगरे ने कहा कि जीवन के उद्देश्य को समझने का मार्गदर्शन ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों से मिलता है।


सेवाकेन्द्र संचालिका ने दी मेले की जानकारी

बालोद सेवाकेन्द्र संचालिका ब्रह्माकुमारी विजयलक्ष्मी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए मेले की विभिन्न आध्यात्मिक गतिविधियों की जानकारी दी और अधिक से अधिक लोगों से मेले का लाभ लेने की अपील की। 🕉️✨

You cannot copy content of this page