DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बालोद में सर्वाइकल कैंसर से बचाव की बड़ी पहल: जिला अस्पताल में राष्ट्रीय HPV टीकाकरण अभियान शुरू

📍 बालोद, 16 मार्च 2026। जिले में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राष्ट्रीय एचपीव्ही (HPV) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई। जिला अस्पताल बालोद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 14 वर्षीय किशोरियों को टीका लगाकर अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया।

कलेक्टर के निर्देशन में शुरू हुआ अभियान

यह अभियान कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.एल. उइके के मार्गदर्शन में शुरू किया गया है।

दो किशोरियों को टीका लगाकर की शुरुआत

अभियान की शुरुआत जिला चिकित्सालय स्थित मातृ एवं शिशु अस्पताल में कु. रिया देवदास और कु. गार्गी देशमुख को एचपीव्ही वैक्सीन लगाकर की गई। इसके साथ ही जिले में सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ जागरूकता और बचाव का अभियान प्रारंभ हो गया।

14 से 15 वर्ष की किशोरियाँ होंगी पात्र

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए अत्यंत प्रभावी है। टीकाकरण के लिए वही किशोरियाँ पात्र होंगी जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, लेकिन 15 वर्ष का जन्मदिन अभी नहीं मनाया है

आयु प्रमाण के लिए ये दस्तावेज मान्य

टीकाकरण के लिए आधार कार्ड या अन्य फोटो पहचान पत्र आयु प्रमाण के रूप में मान्य होंगे। यदि पहचान पत्र उपलब्ध नहीं है तो माता-पिता द्वारा हस्ताक्षरित शपथ पत्र भी स्वीकार किया जाएगा। इसके साथ फिजिकल कंसेंट फॉर्म और एज डिक्लेरेशन फॉर्म भरकर यूविन पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा

टीकाकरण के बाद मिलेगा डिजिटल प्रमाण पत्र

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार टीकाकरण के बाद लाभार्थी को यूविन पोर्टल के माध्यम से डिजिटल प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। यह टीकाकरण जिला चिकित्सालय में प्रत्येक कार्य दिवस पर उपलब्ध रहेगा

इस अवसर पर सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर.के. श्रीमाली, आरसीएच नोडल अधिकारी डॉ. सानू नायक, खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी आर.के. सोनबाई सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page