DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

वार्ड की समस्या को लेकर भाजपा पार्षद पर जानलेवा हमला, राजहरा पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

शेखर गुप्ता, दल्लीराजहरा

नगर के राधाकृष्ण वार्ड क्रमांक 7 के भाजपा पार्षद बीरेंद्र साहू पर वार्ड की समस्याओं को लेकर हुए विवाद के बाद जानलेवा हमला करने के मामले में राजहरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटना 11 मार्च की रात की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार पार्षद बीरेंद्र साहू अपने मित्र हेमंत नेताम के साथ एक शादी समारोह में शामिल होकर रात करीब 9 बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान वार्ड क्रमांक 7 स्थित टीचर कॉलोनी के ग्राउंड के पास पहले से मौजूद आरोपियों दीपक यादव, अजीत सिंह और कैलाश साहू ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि तीनों ने वार्ड की समस्याओं का समाधान नहीं करने की बात कहते हुए पार्षद के साथ गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और पहने हुए कड़े से पार्षद पर हमला किया, जिससे उनके नाक, आंख और गाल सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पार्षद के मित्र हेमंत नेताम की रिपोर्ट पर थाना राजहरा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने गवाहों और घायल पार्षद से पूछताछ की, जिसमें सामने आया कि आरोपियों ने पार्षद को रास्ते में रोककर जान से मारने की नीयत से मारपीट की और गमछे से गला दबाने की भी कोशिश की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) भी जोड़ दी।

पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य के आदेश, पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश पटेल तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के निर्देशन में और नगर पुलिस अधीक्षक राजहरा विकास पाटले के मार्गदर्शन में थाना स्तर पर विशेष टीम गठित की गई। आरोपियों की तलाश के लिए साइबर सेल की तकनीकी सहायता भी ली गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को दुर्ग और धमतरी क्षेत्र से हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में दीपक यादव (33 वर्ष), अजीत सिंह (34 वर्ष) और कैलाश साहू (38 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपी वार्ड क्रमांक 7 टीचर कॉलोनी, राजहरा के निवासी हैं।

इस कार्रवाई में थाना राजहरा पुलिस और साइबर सेल बालोद की टीम की सराहनीय भूमिका रही।

You cannot copy content of this page