DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम, कई जगह गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना

दक्षिण छत्तीसगढ़ और सरगुजा संभाग के जिलों में अंधड़ और वज्रपात के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कुछ हिस्सों में 15 मार्च को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर अंधड़ चलने और वज्रपात होने के भी आसार जताए गए हैं।

मौसम विभाग रायपुर के वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि वर्तमान में एक द्रोणिका उत्तर-पूर्व उत्तर प्रदेश के मध्य भाग से दक्षिण आंतरिक उड़ीसा तक छत्तीसगढ़ होते हुए लगभग 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।

इसके अलावा एक पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में मध्य क्षोभमंडल में लगभग 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर 60 डिग्री पूर्व और 32 डिग्री उत्तर में स्थित है, जिसके प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

इन क्षेत्रों में ज्यादा असर

मौसम विभाग के अनुसार वर्षा का प्रभाव मुख्य रूप से दक्षिण छत्तीसगढ़ के क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग के जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।

अंधड़ और वज्रपात की चेतावनी

मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज अंधड़ चलने और वज्रपात की भी संभावना है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

तापमान में गिरावट के संकेत

मौसम विभाग के अनुसार मौसम में बदलाव के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि आने वाले दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छाने और हल्की बारिश होने से गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

You cannot copy content of this page