बालोद। नगर पालिका परिषद बालोद द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत शहर के पात्र हितग्राहियों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करते हुए सोमवार 9 मार्च 2026 को नगर पालिका परिषद कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा संतोष चौधरी ने अपने करकमलों से योजना के चयनित 7 हितग्राहियों को आवास निर्माण हेतु स्वीकृति पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि हर जरूरतमंद परिवार को अपना पक्का घर मिल सके। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने हितग्राहियों को बधाई देते हुए कहा कि स्वीकृति पत्र मिलने के बाद सभी लाभार्थी अपने आवास निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करें और निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा करें, ताकि उन्हें योजना का पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि नगर पालिका परिषद बालोद द्वारा योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जिससे पात्र लोगों तक योजना का लाभ पहुंच सके।
इस अवसर पर उपस्थित हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान प्राप्त होने की दिशा में मिली स्वीकृति पर खुशी व्यक्त की और सरकार तथा नगर पालिका परिषद का आभार जताया। उनका कहना था कि लंबे समय से पक्के घर का सपना था, जो अब योजना के माध्यम से पूरा होने जा रहा है।
नगर पालिका परिषद बालोद के इस प्रयास से शहर के कई जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और स्थायी आवास मिलने की उम्मीद जगी है। योजना के सफल क्रियान्वयन से शहर में आवासीय सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही हितग्राहियों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आने की संभावना है।
