DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

फाग गायन लोकसंस्कृति की जीवंत पहचान है: कुंवर सिंह निषाद

देवरी ब्लॉक के विभिन्न गांवों में आयोजित फाग गायन एवं झांकी प्रतियोगिता में हुए शामिल

देवरीबंगला। देवरी ब्लॉक के ग्राम गंधरी, टटेंगा, हरदी ट एवं जेवरतला रोड में फाग समिति और ग्रामीणों द्वारा आयोजित फाग गायन एवं झांकी प्रतियोगिता में विधायक कुंवर सिंह निषाद शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि फाग गीत हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति की अमूल्य परंपरा है, जो युगों से चली आ रही है। फागुन माह में गांव और शहरों में जगह-जगह फाग गीत प्रतियोगिताओं का आयोजन होता है, जिसमें ग्रामीण एकजुटता के साथ भाग लेकर आपसी भाईचारे और मिलजुलकर रहने का संदेश देते हैं।

उन्होंने कहा कि होली जैसा हृदय को आनंदित करने वाला दूसरा कोई पर्व नहीं है। ऐसे आयोजनों में आप सभी के बीच पहुंचना मेरे लिए केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि परिवार से मिलने जैसा अनुभव होता है। फाग के मधुर गीत, ढोल-नगाड़ों की थाप और रंगों में घुला भाईचारा हमारी लोकसंस्कृति की जीवंत पहचान है।

विधायक ने कहा कि अपनों के बीच मिलने वाला प्रेम, विश्वास और सम्मान ही उन्हें निरंतर जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों का स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है

इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष कोदूराम दिल्लीवार, ब्लॉक अध्यक्ष संजीव चौधरी, जनपद सदस्य भूपेश नायक, सरपंच दिप्ती साहू, चंद्रहास चापिरा, उत्तम साहू, ललित हिरवानी, पुरुषोत्तम उर्वशा सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, आयोजक समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page