DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

तहसील साहू संघ बालोद में 8 मार्च को होली मिलन व महिला सम्मेलन, माता कर्मा जयंती की रूपरेखा पर होगी चर्चा

बालोद। तहसील साहू संघ बालोद द्वारा रंग पंचमी एवं अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च 2026 को प्रातः 11:00 बजे से साहू सदन, मरारपारा बालोद में तहसील साहू संघ की समस्त पदाधिकारी, कार्यकारिणी एवं न्याय समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी।

बैठक में आगामी माता कर्मा जयंती के तहसील स्तरीय आयोजन की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की जाएगी तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इसके साथ ही जिला साहू संघ बालोद के निर्देशानुसार संबद्धता शुल्क जमा करने और सामाजिक व संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।

तहसील साहू संघ के उपाध्यक्ष जयंत साहू ने बताया कि बैठक के दौरान समाज के जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों से संबंधित जानकारी संकलन के लिए चलाए जा रहे पारिवारिक जनगणना अभियान की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी। इस अभियान में विधवा, विधुर एवं परित्यक्ता सदस्यों की जानकारी शामिल करने का भी आग्रह किया गया है।

प्रदेश साहू संघ रायपुर के निर्देशानुसार 15 मार्च 2026 को प्रत्येक ग्राम इकाई में माता कर्मा जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके पूर्व 14 मार्च की संध्या को प्रत्येक घर के द्वार पर चौका-रंगोली बनाकर दीप प्रज्वलन तथा सामूहिक खिचड़ी प्रसादी वितरण करने के संबंध में समाजजनों को जानकारी दी जाएगी।

बैठक के पश्चात दोपहर 2:00 बजे रंग पंचमी एवं अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर होली मिलन समारोह एवं महिला सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया है। कार्यक्रम में समाज के जनप्रतिनिधियों जैसे सरपंच, जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, नगर पालिका परिषद के पार्षद सहित अन्य गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है।

इसके अलावा तहसील साहू संघ की न्याय समिति द्वारा अंतरजातीय प्रकरणों से संबंधित प्राप्त आवेदनों पर भी सुनवाई की जाएगी।

तहसील साहू संघ बालोद के अध्यक्ष प्रेम साहू एवं सचिव रघुनंदन गंगबोईर ने समस्त पदाधिकारियों, समाजजनों एवं संबंधित सदस्यों से समय पर उपस्थित होकर बैठक एवं कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

You cannot copy content of this page