भिलाई में 12 दिवसीय सूक्ष्म उद्यम विकास कार्यक्रम का समापन, प्रतिभागियों को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित



भिलाई। वाणिज्य एवं उद्योग विभाग, छत्तीसगढ़ शासन तथा भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII) के संयुक्त तत्वावधान में न्यू खुर्सीपार, भिलाई जिला दुर्ग में आयोजित 12 दिवसीय सूक्ष्म उद्यम विकास कार्यक्रम (MEDP) का 06 मार्च 2026 को सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य में उद्यमिता को बढ़ावा देना और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर सृजित करना था।

12 दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्यवसाय चयन की प्रक्रिया, परियोजना रिपोर्ट तैयार करने की विधि, पूंजी प्रबंधन, विपणन रणनीतियों तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ कैसे प्राप्त किया जा सकता है, इस विषय में भी विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रतिभागियों को उद्यम पंजीकरण (Udyam Registration) की प्रक्रिया के बारे में भी व्यावहारिक जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को फील्ड विजिट भी कराई गई, जिससे उन्हें उद्योगों की कार्यप्रणाली और व्यावहारिक पहलुओं की बेहतर समझ प्राप्त हो सकी।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वैभव श्री सेवा भारती की जिला संयोजक भारती टंडन ने प्रतिभागियों को उद्यमिता के महत्व के बारे में बताते हुए उन्हें स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ परियोजना अधिकारी EDII अरविन्द कुमार द्विवेदी, श्रीमती तेज साहू, श्रीमती सविता सोनी, श्रीमती रितु साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page