महिला दिवस विशेष: ग्राम पीरीद की महिलाओं की अनोखी पहल : ‘नारी शक्ति सेवा समिति’ बनाकर समाज सेवा का लिया संकल्प



बालोद | बालोद जिले के ग्राम पीरीद में महिलाओं ने एकजुट होकर समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रेरणादायक पहल की है। 26 जनवरी 2026 को एक विचार के रूप में शुरू हुई यह पहल आज “नारी शक्ति सेवा समिति” के रूप में आकार ले चुकी है। इस समिति से अब तक लगभग 40 महिलाएं जुड़ चुकी हैं, जिनमें अधिकतर घर-गृहस्थी संभालने वाली और घरेलू कार्य करने वाली महिलाएं शामिल हैं।



समिति की महिलाओं का कहना है कि 26 जनवरी को यह विचार आया कि क्यों न महिलाएं मिलकर ऐसा मंच तैयार करें, जहां वे एक-दूसरे की मददगार बन सकें और जरूरतमंद लोगों की सहायता कर सकें। इसी सोच के साथ नारी शक्ति सेवा समिति का गठन किया गया।

समिति की उपाध्यक्ष मनीषा पटेल ने बताया कि हाल ही में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर होली मिलन कार्यक्रम के साथ संगठन की औपचारिक शुरुआत की गई। इस कार्यक्रम में गांव की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और महिला जनप्रतिनिधियों ने भी उपस्थित होकर महिलाओं का उत्साह बढ़ाया।



कार्यक्रम में जगन्नाथपुर की जनपद सदस्य एवं सभापति दमयंती सुभाष हरदेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने महिलाओं को संगठित होकर आगे बढ़ने और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में सरस्वती शिशु मंदिर पीरीद की प्रधान पाठक मेनका चंद्राकर उपस्थित रहीं, वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता गौरव ग्राम पीरीद की प्रथम महिला सरपंच रूपोतिन रमेश साहू ने की। सभी अतिथियों ने महिलाओं की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरक कदम बताया।

समिति की खास बात यह है कि इसमें जुड़ी हर महिला सेवा भावना के साथ हर महीने अपनी ओर से कुछ अंश राशि जमा करती है, जिससे जरूरतमंद और असहाय लोगों की मदद की जा सके। समिति का उद्देश्य समाज में जागरूकता फैलाना, महिलाओं को सशक्त बनाना और किसी भी जरूरतमंद के कठिन समय में सहायता करना है।

समिति की पदाधिकारीयों में प्रमुख रूप से अध्यक्ष धरम बाई हिरवानी, उपाध्यक्ष मनीषा पटेल, सचिव पद्मनी धनकर, सह सचिव ललिता साहू, कोषाध्यक्ष रूपोतिन बाई साहू, संरक्षक रुपमति मंडावी, संरक्षक सुनीति देशमुख, मंत्री ओकेश्वरी हिरवानी, महामंत्री टूमेश्वरी साहू, संगठन सचिव सीमा देवदास, त्रिवेणी साहू, संगठन उपसचिव कमलेश हिरवानी, महिला प्रकोष्ठ सरोज बाई और जयश्री साहू सहित अन्य महिलाएं सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं।



महिला दिवस के अवसर पर ग्राम पीरीद की महिलाओं की यह पहल इस बात का उदाहरण है कि जब महिलाएं एकजुट होती हैं तो वे समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत शक्ति बन जाती हैं।

You cannot copy content of this page