DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

कर्मा जयंती महोत्सव, आदर्श सामूहिक विवाह व घर-वापसी अभियान 10–11 अप्रैल को

बालोद। तहसील साहू संघ बालोद द्वारा समाज में एकता, सांस्कृतिक जागरण और सामाजिक सुधार के उद्देश्य से 10 व 11 अप्रैल 2026 को ग्राम मेंढकी बघमरा (जिला बालोद) में द्वि-दिवसीय कर्मा जयंती महोत्सव, आदर्श सामूहिक विवाह एवं घर-वापसी अभियान का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गजेंद्र यादव के शामिल होने की संभावना है, वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जितेंद्र साहू की उपस्थिति संभावित है।

आयोजन के प्रथम दिवस 10 अप्रैल को भक्त माता कर्मा जयंती के अवसर पर कलश यात्रा, कर्मा पूजन, सामाजिक सम्मेलन, समाज के समसामयिक विषयों पर विचार गोष्ठी, अतिथियों का उद्बोधन तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

दूसरे दिन 11 अप्रैल को दहेज मुक्त और सादगीपूर्ण आदर्श सामूहिक विवाह वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न कराया जाएगा, जिसमें विवाह योग्य जोड़ों का सामाजिक आशीर्वाद के साथ विवाह संस्कार संपन्न होगा। इसी दिन स्वेच्छा से घर-वापसी अभियान भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें वैदिक पूजन के साथ समाज द्वारा स्वागत एवं सम्मान किया जाएगा।

तहसील साहू संघ बालोद के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन समाज में बढ़ती दहेज प्रथा, अनावश्यक खर्च और सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। आयोजन समिति में संरक्षक धरम साहू, अध्यक्ष प्रेम साहू, प्रमुख सलाहकार रोहित अठनागर, उपाध्यक्ष जयंत साहू एवं श्रीमती चंद्रिका साहू, संयोजक (न्याय प्रकोष्ठ) निरंजन साहू, सचिव रघुनंदन गंगबोईर, कोषाध्यक्ष चुरामन साहू तथा संगठन सचिव छगन साहू और श्रीमती वीणा साहू शामिल हैं।

तहसील साहू संघ बालोद ने समाज के सभी बंधुओं से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

You cannot copy content of this page