सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन ब्लॉक इकाई की पहल, बड़ी संख्या में शिक्षक रहे उपस्थित
डौंडी। वनांचल विकासखंड डौंडी के बीआरसी सभागार में छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन ब्लॉक इकाई डौंडी द्वारा शैक्षिक कैलेंडर वर्ष 2026 का विधिवत विमोचन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत डौंडी के उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति के अध्यक्ष माननीय श्री भोला राम नेताम ने कहा कि शिक्षकीय कार्य सृजन का कार्य है। हमें बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु सतत प्रयास करना चाहिए तथा उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए बेहतर मार्गदर्शन देना चाहिए। उन्होंने उत्कृष्ट शिक्षकों को विभिन्न स्तरों पर प्रोत्साहित एवं सम्मानित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया तथा आश्वस्त किया कि जनप्रतिनिधियों का सहयोग सदैव बच्चों एवं शिक्षकों के हित में रहेगा।
कार्यक्रम में फेडरेशन के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री देवेंद्र हरमुख ने संगठन के कार्यों, शैक्षिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं में शिक्षक की भूमिका, एकता के महत्व तथा जमीनी स्तर पर शिक्षकों की समस्याओं पर सारगर्भित विचार रखे। विकासखंड शिक्षा अधिकारी पी. के. चतुर्वेदी ने शिक्षा जगत में शैक्षिक कैलेंडर के महत्व को स्पष्ट करते हुए विभिन्न कार्य क्षेत्रों के उदाहरण प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों की एकता को बढ़ाते हैं, विचारों का आदान-प्रदान होता है तथा अपनत्व की भावना सुदृढ़ होती है।
उपस्थित शिक्षकों एवं पदाधिकारियों ने विस्तृत परिचर्चा के साथ स्थानीय शैक्षिक मुद्दों पर चर्चा की। विमोचित कैलेंडर को ब्लॉक पदाधिकारियों के माध्यम से समस्त विद्यालयों तक पहुंचाने की व्यवस्था बनाई गई।
कार्यक्रम में विशिष्ट रूप से जनपद सदस्य तुलेश्वर हिचामी, बीआरसी श्री एस. एन. शर्मा, जिलाध्यक्ष एलेन्द्र यादव, डौंडी ब्लॉक अध्यक्ष प्रहलाद कौसमार्य, जिला पदाधिकारी अश्वनी सिन्हा, खिलानन्द साहू, सम्भव देवांगन, मदन साहू, अनिल दिल्लीवार, उत्कल साहू, लालमणी साहू, बसंतमणी साहू, अनिल देवांगन, सुरेश कोठारी, तृप्ति पाल, ममता घराना, पुष्पांजलि यादव, सविता वर्मा, समिता मरकाम, अशोक यादव, धर्मपाल नायक, सुखराम ठाकुर, नंदू यादव, बसंत तारम, ए. रमेश सहित जिला बालोद के समस्त ब्लॉक अध्यक्ष, ब्लॉक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
