DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला दुपचेरा में प्रधान पाठक चंद्र प्रकाश श्याम को भावभीनी विदाई

गुरुर। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला दुपचेरा में प्रधान पाठक चंद्र प्रकाश श्याम के प्राचार्य पद पर पदोन्नत होने पर शाला परिवार एवं शाला प्रबंधन समिति द्वारा भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चंद्र प्रकाश श्याम रहे तथा अध्यक्षता ग्राम पंचायत दुपचेरा की सरपंच दानेश्वरी साहू ने की। विशेष अतिथि के रूप में टी.आर. साहू (संकुल प्राचार्य ठेकवाडीह), मनसुख पंचागम (ग्रामीण अध्यक्ष दुपचेरा) एवं मेष कुमार साहू (अध्यक्ष, शाला प्रबंधन समिति दुपचेरा) उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर पूजन-अर्चन कर किया गया। चंद्र प्रकाश श्याम ने शिक्षक एवं प्रधान पाठक के रूप में 17 वर्षों तक माध्यमिक शाला दुपचेरा में सेवा प्रदान की। अतिथियों ने उनके कुशल नेतृत्व, समर्पित भाव और शाला विकास में दिए गए योगदान की सराहना की। छात्रों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में उनके प्रयासों को स्मरणीय बताया गया।

अपने संबोधन में चंद्र प्रकाश श्याम ने सहयोगी शिक्षकों के साथ किए गए समग्र कार्यों को याद करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासित रहकर मन लगाकर पढ़ाई करने तथा निरंतर अध्ययनशील बने रहने की प्रेरणा दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर शिक्षकों, शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों, संकुल के अंतर्गत सभी शालाओं के शिक्षकों, ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों द्वारा स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका सम्मान किया गया। छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई।

कार्यक्रम में प्रधान पाठक शशि राजेंद्र कुमार साहू, शिक्षिका दुलेश्वरी कोसरिया, शाला प्रबंधन समिति के सदस्यगण, संकुल के शिक्षक, ग्राम विकास समिति के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक नरेंद्र कुमार साहू द्वारा किया गया।

You cannot copy content of this page