DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

चेंबर की नहीं हुई तीन साल से सफाई, पानी में पड़े कीड़े, डायरिया का खतरा, पंचायत प्रशासन उदासीन

बालोद । क्षेत्र के ग्राम सिर्राभांठा में पंचायत प्रशासन की उदासीनता के चलते ग्रामीणों को गंदा पानी पीना पड़ रहा है। यहां के नलों में गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। जिसके पीछे वजह यहां नीचे से पाइपलाइन गुजरी है, वहां पानी के चेंबर की सफाई नहीं होना है। कई जगह चेंबर लीकेज हो रहा है। इसकी वजह से पानी में गंदगी भी समा रही है और यही पानी लोगों के घरों तक नलों के जरिए पहुंच रही है। कई जगह मजबूरी में लोग पानी को कपड़े से छान कर पी रहे हैं  पर यह सुरक्षित नहीं है। इससे कभी भी लोगों को जल जनित बीमारी होने का खतरा बढ़ा हुआ है। पर पंचायत प्रशासन है कि इस पर लगातार नजरअंदाजी दिखा रहा है। लगभग 3 साल से यह शिकायत है। कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। चेंबर की मरम्मत तक कोई नहीं करवा रहा है। जब हम स्थिति का जायजा लेने के लिए उक्त गांव में पहुंचे तो वहां पर दो से तीन जगहों पर जब हमने ग्रामीणों के साथ जाकर  देखा तो वहां गंदगी भरी पड़ी थी। कई जगह हाल ऐसा था कि चेंबर  पूरा पानी से भरा हुआ था। पानी में कीड़े पड़ गए थे। कहीं ना कहीं यही गंदा कीड़ा युक्त पानी नलों के जरिए लोगों के घर तक भी पहुंच रहा है। जो कि बहुत ही खतरे की बात है। पर पंचायत प्रशासन को इससे कोई सरोकार नजर नहीं आ रहा है। जहां गंदगी है, चेंबर की जहां सफाई नहीं होती है उससे कुछ ही दूरी पर सरपंच दानी राम सिन्हा का घर भी है  ग्रामीणों की मानें तो उन्हें कई बार इस संबंध में शिकायत की जा चुकी है। पर वे कोई ध्यान नहीं देते हैं। हमने भी जब उन्हें इस संबंध में जानकारी लेने के लिए घर पर मौजूद न रहने पर लगातार फोन लगाया तो उन्होंने फोन तक रिसीव नही किया। पंचायत प्रशासन की उदासीनता के चलते लोगों में  आक्रोश पनपने लगा है और यही हाल रहा तो वह दिन दूर नहीं जब ऐसे निष्क्रिय सरपंच के प्रति धारा 40 के तहत अविश्वास प्रस्ताव भी किसी दिन सामने आएगा। नाराज  पंच इसकी भी तैयारी कर रहे हैं। ग्रामीण व पंचायत के अन्य पंच भी चाहते हैं कि गांव में सब ठीक हो।  समस्या का निराकरण हो पर सरपंच अगर ध्यान नहीं देंगे तो यह भला कैसे चलेगा? पंचायत के अन्य प्रतिनिधियों की भी मांग है कि चेंबर की मरम्मत होनी चाहिए. ताकि लोगों को सुरक्षित और साफ पानी नसीब हो। पर पंचायत के जिम्मेदार जनप्रतिनिधि ध्यान नहीं देते।

क्या कहा इन ग्रामीणों ने

कई बार कर चुके शिकायत

ग्रामीण रूपचंद जैन ने कहा कि हमने कई बार वर्तमान सरपंच को इस संबंध में शिकायत की है। पर भी इस पर वे ध्यान नहीं देते हैं। सिर्फ आश्वासन मिलता आ रहा है कि आजकल में सफाई करवा देंगे। पर सफाई होती नहीं है। आखिर ऐसा कब तक चलेगा कुछ समझ में नहीं आता है।

3 साल से किसी ने देखा नही

पंच लालेश्वर ठाकुर ने कहा कि सरपंच की उदासीनता के चलते यह हाल है। 3 साल से चेंबर की कोई सफाई नहीं हुई है। वर्तमान सरपंच तो बिल्कुल भी ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे ग्रामीणों में भी नाराजगी है कि हमने किस सरपंच को वोट देकर चुनाव जीता दिया है। जो गांव की समस्या को लेकर गंभीर ही नहीं है।

नलों में आ रहा है गंदा पानी

अमृतानंद सिन्हा ने कहा चेंबर की सफाई नहीं होने के चलते कई घरों के नलों में गंदा पानी आ रहा है। नलों में कपड़ा बांधकर पानी छानकर पीना पड़ता है। लेकिन कब कहां किसकी तबीयत खराब हो जाए कोई नहीं जानता। चेंबर की सफाई होनी चाहिए और पंचायत प्रशासन खासतौर से सरपंच को इस पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए यह ठीक बात नहीं है।

You cannot copy content of this page