DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

शहीद दुर्वासा निषाद शासकीय महाविद्यालय अर्जुंदा की छात्राओं ने दुर्ग विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में दर्ज की शानदार सफलता

अर्जुंदा। शहीद दुर्वासा निषाद शासकीय महाविद्यालय, अर्जुंदा की प्रतिभाशाली छात्राओं ने दुर्ग विश्वविद्यालय द्वारा घोषित स्नातकोत्तर परीक्षाओं की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय के साथ-साथ पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
महाविद्यालय की एम.ए. समाजशास्त्र की छात्रा कु. धनेश्वरी ने अपने विषय में चतुर्थ स्थान, जबकि एम.ए. अर्थशास्त्र की छात्रा कु. अंजलि ने भी चतुर्थ स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट शैक्षणिक सफलता अर्जित की है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के पीछे समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष श्रीमती दीपिका कंवर, समाजशास्त्र विभाग की अतिथि व्याख्याता डॉ. राजकुमारी गजपाल, तथा अर्थशास्त्र विभाग के अतिथि व्याख्याता डॉ. धर्मेन्द्र साहू एवं डॉ. प्रभा यादव का निरंतर, समर्पित एवं प्रेरणादायी मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा, जिसके परिणामस्वरूप छात्राएँ विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में स्थान बनाने में सफल हुईं।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सोमाली गुप्ता ने छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह सफलता छात्राओं की कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के उत्कृष्ट शैक्षणिक मार्गदर्शन का प्रतिफल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छात्राएँ भविष्य में भी इसी प्रकार उच्च उपलब्धियाँ प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम निरंतर रोशन करती रहेंगी।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी शहीद दुर्वासा निषाद शासकीय महाविद्यालय, अर्जुंदा की छात्राओं ने दुर्ग विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, जिससे महाविद्यालय की सुदृढ़ शैक्षणिक परंपरा एवं गुणवत्ता का स्पष्ट प्रमाण मिलता है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से महाविद्यालय परिसर में हर्ष एवं गर्व का वातावरण व्याप्त है। महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं कर्मचारियों ने छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ प्रेषित की हैं।

You cannot copy content of this page