DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

वन माफियाओं पर कसा शिकंजा: बालोद वन मंडल की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अवैध लकड़ी परिवहन, आरामिल, वन्यप्राणी शिकार व विक्रय में कई प्रकरण दर्ज

बालोद।28 जनवरी 2026जिले में वन अपराधों के विरुद्ध वन मंडल बालोद द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। वन मंडलाधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि अवैध परिवहन, अवैध आरामिल संचालन, वन्यप्राणी शिकार एवं वन्यप्राणी पक्षियों के विक्रय से जुड़े मामलों में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि 28 जनवरी 2026 को वन परिक्षेत्र डौण्डीलोहारा अंतर्गत प्राप्त शिकायत के आधार पर साहू सॉ मिल, चिल्हाटीकला परिसर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वाहन क्रमांक CG19-H-9654 में कहुआ, हल्दू, मुण्ढी, महुआ, तेन्दू सहित अन्य मिश्रित प्रजातियों की लकड़ी अवैध रूप से परिवहन करते हुए पाई गई। परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर वाहन एवं काष्ठ को जप्त कर वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया। साथ ही, आरामिल परिसर में अवैध व्यापार एवं अवैध संग्रहण पाए जाने पर औजार जप्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
27 जनवरी 2026 को वन परिक्षेत्र डौण्डी के वन अमले द्वारा आमाडुला से डौण्डी मुख्य मार्ग (ग्राम चिहरों, तहसील डौण्डी, जिला बालोद) में बीट गश्त के दौरान शाम लगभग 7:00 बजे टाटा माजदा 1109 H EX 2 (CG07-AY-2381) को रोककर जांच की गई। वाहन चालक ओमप्रकाश, ग्राम बोरगहन द्वारा बिना किसी वैध कागजात के लगभग 04 चट्टा मिश्रित जलाऊ खोड़ का अवैध परिवहन किया जा रहा था। इस पर वन उपज अभिवहन अनुज्ञा नियम 2001 के तहत जप्ती कर वन अपराध दर्ज किया गया।
इसी क्रम में 26 जनवरी 2026 को वन परिक्षेत्र अधिकारी दल्लीराजहरा को गुप्ता चौक दल्लीराजहरा में वन्यप्राणी तोता विक्रय की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर तत्काल वन अमले द्वारा मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया, जहां कनेश्वरी बाई (वार्ड 21) एवं जमुना बाई (वार्ड 04) को तोता विक्रय करते हुए पाया गया। मौके से 09 नग तोता एवं 02 नग पिंजरा जप्त कर वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया।
25 जनवरी 2026 को वन परिक्षेत्र लोहारा में गश्त के दौरान ग्राम उरेटा से सिरपुर मार्ग पर राजस्व क्षेत्र में शाम 4:46 बजे एक व्यक्ति द्वारा जंगली सुअर एवं जंगली बिल्ली का मांस ले जाते हुए पकड़ा गया। जांच के दौरान मांस जप्त कर वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया।
वन मंडलाधिकारी ने बताया कि उपरोक्त सभी मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की गई है तथा प्रकरणों की विवेचना जारी है।

You cannot copy content of this page