DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

कंजेली के जंगल को प्रशासन ने किया अवैध कब्जाधारियों के चंगुल से मुक्त, वन विभाग की सख्त कार्रवाई से 35 एकड़ वनभूमि सुरक्षित

बालोद। बालोद वनमंडल अंतर्गत दल्ली परिक्षेत्र के कंजेली परिसर (कक्ष क्रमांक 55 आर.एफ.) में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण के प्रयास को विफल कर दिया। पुलिस, प्रशासन एवं संयुक्त वन प्रबंधन समिति के सहयोग से लगभग 35 एकड़ वनभूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
वनमंडलाधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि मंगलवार को क्षेत्र में अतिक्रमण की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारियों द्वारा तत्काल फील्ड निरीक्षण किया गया और वन प्रबंधन समिति के साथ समन्वय बनाकर कार्ययोजना तैयार की गई। योजनाबद्ध तरीके से की गई इस कार्रवाई से वनभूमि पर हो रहे अवैध कब्जे को समय रहते रोक लिया गया।
वनमंडलाधिकारी ने बताया कि अतिक्रमण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम 1927 के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है, साथ ही क्षतिपूर्ति एवं वसूली की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।
इस मामले में लापरवाही बरतने पर विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए स्थानीय वन अमले की जिम्मेदारी तय की है। संबंधित बीटगार्ड को निलंबित कर दिया गया है, वहीं सहायक परिक्षेत्र अधिकारी को उनके कार्य क्षेत्र से हटाया गया है।
वन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि उक्त क्षेत्र में आगे स्थानीय ग्रामीणों के हित में वनवर्धन एवं चारागाह विकास से जुड़े कार्य प्रस्तावित किए जाएंगे, जिससे वन संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण आजीविका को भी बढ़ावा मिल सके।
वन विभाग की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से जिले में वन संरक्षण को लेकर स्पष्ट संदेश गया है कि अवैध अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

You cannot copy content of this page