DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

25 वर्षों बाद गुरुजनों का सम्मान, 2001–2002 बैच के विद्यार्थियों ने शिक्षक सम्मान एवं पारिवारिक मिलन समारोह आयोजित कर रचा अनूठा इतिहास

बालोद। 02 फरवरी 2026 को अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट, बालोद में वर्ष 2001–2002 बैच के पूर्व छात्र-छात्राओं द्वारा शिक्षक सम्मान एवं पारिवारिक मिलन समारोह का आयोजन किया गया। लगभग 25 वर्षों के अंतराल के बाद आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों का सम्मान कर एक प्रेरणादायी एवं भावनात्मक इतिहास रच दिया।
कार्यक्रम में उन शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष रूप से सम्मान किया गया, जो व्याख्याता पद से पदोन्नत होकर प्राचार्य पद तक पहुँचे हैं। समारोह की शुरुआत सभी गुरुजनों के पुष्पमाला एवं गुलदस्ता से आत्मीय स्वागत के साथ की गई।
इसके पश्चात एक-एक कर सभी पूर्व छात्र-छात्राओं ने अपने छात्र जीवन एवं वर्तमान जीवन यात्रा के अनुभव साझा किए। अपने गुरुजनों के मार्गदर्शन को याद करते हुए कई छात्र-छात्राएं भावुक हो गए। इसके बाद शिक्षकों ने भी अपने शैक्षणिक जीवन के अनुभव साझा किए तथा विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ते रहने, नैतिक मूल्यों और अनुशासन के साथ जीवन जीने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर सन 1995 बैच के आदरणीय श्री एस.आर. चुरेन्द्र सर, 2002 बैच के श्री अरविंद यदु सर, श्रीमती कविता जॉन मैम, श्रीमती श्याम कुमारी ध्रुव मैम, श्रीमती ज्योति देशमुख मैम ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम में आदरणीय श्री लोचन देशमुख जी का विशेष शुभागमन भी रहा। पूर्व छात्र-छात्राओं द्वारा सभी गुरुजनों को शाल, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का वातावरण अत्यंत खुशनुमा, आत्मीय एवं पारिवारिक रहा। इस अवसर पर पूर्व छात्र संघ के सभी सदस्य अपने-अपने परिवार एवं बच्चों के साथ उपस्थित रहे। समारोह में सभी अतिथियों के लिए नाश्ता एवं भोजन की उत्तम व्यवस्था की गई थी। वर्षों बाद एक ही मंच पर अपने सहपाठियों और गुरुजनों को देखकर छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण भावुक हो उठे।
मिलन एवं सम्मान समारोह में पूर्व छात्र संघ के सत्येंद्र साहू, छत्रपाल दास मानिकपुरी, प्रदीप हिरवानी, विश्वकांत भारद्वाज, महेश कुमार सोनकर, नीरज केसरिया, संध्या राजपूत एवं इंदिरा नेताम अपने परिवार एवं बच्चों के साथ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सौम्य एवं प्रभावशाली संचालन श्री जयकांत पटेल द्वारा किया गया।

You cannot copy content of this page