कोंडागांव। जिले में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रैम्प योजना के अंतर्गत आयोजित 12 दिवसीय ईडीपी-लीप (उद्यमिता विकास कार्यक्रम) का सफल आयोजन 8 दिसंबर 2025 से 29 दिसंबर 2025 तक किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन निटकॉन लिमिटेड द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (CSIDC) के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों एवं उद्यमिता में रुचि रखने वाले युवाओं को व्यवसाय से संबंधित बुनियादी एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना था। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्यवसाय योजना तैयार करने, उद्यम पंजीकरण (MSME), वित्तीय प्रबंधन, ऋण योजनाओं, विपणन रणनीति एवं बाजार से जुड़ाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
ईडीपी-लीप प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को स्वरोजगार के अवसरों, सरकारी योजनाओं की प्रक्रिया एवं लाभों से अवगत कराया गया, जिससे उनमें व्यवसाय प्रारंभ करने को लेकर आत्मविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को ऋण प्रक्रिया, उद्यम स्थापना की व्यवहारिक समझ तथा बाजार में उत्पाद की बिक्री एवं प्रचार-प्रसार से जुड़ी जानकारियां भी प्रदान की गईं। प्रशिक्षण ने स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को प्रोत्साहित करते हुए जिले के एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रभावी पहल के रूप में अपनी पहचान बनाई।
ईडीपी-लीप कार्यक्रम से यह स्पष्ट हुआ कि संरचित प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को आत्मनिर्भर बनाकर आर्थिक विकास को गति दी जा सकती है। यह कार्यक्रम कोंडागांव जिले में उद्यमिता विकास की नई संभावनाओं का द्वार खोलने वाला सिद्ध हुआ है।
रैम्प योजना से कोंडागांव में उद्यमिता को नई उड़ान :12 दिवसीय ईडीपी-लीप उद्यमिता विकास कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न
