समाज के हर व्यक्ति के सुख-दुख में सहभागी बनें, कोई अकेला महसूस न करे : उप मुख्यमंत्री अरुण साव



जिला साहू संघ बालोद का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न, छात्रावास का भूमिपूजन एवं बाउंड्रीवाल निर्माण हेतु 25 लाख रुपये की घोषणा

बालोद। जिला मुख्यालय बालोद स्थित साहू सदन में आयोजित जिला साहू संघ बालोद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह एवं दानवीर भामाशाह छात्रावास भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री साव ने समाज के विद्यार्थियों के हित में छात्रावास भवन का भूमिपूजन किया तथा साहू सदन के चारों ओर बाउंड्रीवाल निर्माण हेतु 25 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए समाजहित में पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करने का आह्वान किया।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के लिए संकल्प का दिन

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि यह दिन नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के लिए संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए नेतृत्व में बालोद जिला साहू समाज निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर होगा। शिक्षा, कृषि, राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में बालोद जिले की जो विशिष्ट पहचान है, उसे और सशक्त करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

समाज का द्वार हर वर्ग के लिए खुला रहे

श्री साव ने कहा कि समाज का द्वार गरीब, मजदूर, किसान, रिक्शा चालक, ऑटो चालक सहित हर वर्ग के लिए सदैव खुला रहना चाहिए। समाज के पदाधिकारियों को प्रत्येक व्यक्ति के सुख-दुख में सहभागी बनना चाहिए, ताकि कोई भी सदस्य स्वयं को अकेला न महसूस करे। उन्होंने वर्ष में कम से कम दो बार समाज के कार्यक्रमों की जानकारी प्रत्येक समाजजन तक पहुँचाने की बात कही।

सामाजिक भवनों का रचनात्मक उपयोग जरूरी

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक भवनों का उपयोग महिलाओं के प्रशिक्षण, युवाओं के लिए कोचिंग, रोजगारमूलक गतिविधियों, स्वास्थ्य शिविर एवं कार्यशालाओं के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने साहू समाज को राज्य का सबसे बड़ा समाज बताते हुए इसे सबसे उत्कृष्ट समाज बनाने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।

संस्कार और संगठन से ही समाज का अस्तित्व : डॉ. नीरेंद्र साहू

छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू ने कहा कि समाज का अस्तित्व संस्कार और संगठन से ही सुरक्षित रह सकता है। उन्होंने बताया कि 1911 से चले विचार-मंथन के बाद 1935 में छत्तीसगढ़ साहू समाज का गठन हुआ। उन्होंने कहा कि बालोद जिले में परिवार सर्वे पूर्ण हो चुका है, अब इसके आधार पर समाज के विकास और संस्कार निर्माण की योजनाएँ बनाई जाएँगी। विवाह पंजीयन को अनिवार्य किया गया है तथा समाज की छवि धूमिल करने वाली परंपराओं पर रोक लगाई गई है।

समाज को आगे बढ़ाएं, लेकिन पहले अच्छा इंसान बनाएं : ताम्रध्वज साहू

पूर्व मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि समाज को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाना जरूरी है, लेकिन उससे पहले बच्चों को अच्छा इंसान बनाना आवश्यक है। समाज के मंच पर राजनीतिक दलों की चर्चा नहीं होनी चाहिए।

समाज की प्रतिष्ठा सर्वोपरि, सकारात्मक भूमिका निभानी होगी : विपिन साहू

पूर्व अध्यक्ष राज्य दुग्ध महासंघ श्री विपिन साहू ने कहा कि सभी सरकारों के कार्यकाल में समाज को आर्थिक सहयोग मिला है और वर्तमान में भी उप मुख्यमंत्री अरुण साव का समाज को पूरा सहयोग मिल रहा है। समाज की गतिविधियाँ मीडिया में सकारात्मक रूप से जाएँ, इस पर विशेष ध्यान देना होगा।

नशा मुक्त समाज, शिक्षा और स्वास्थ्य मेरी प्राथमिकता : महेंद्र साहू

जिला साहू संघ बालोद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री महेंद्र साहू ने कहा कि समाज को नशा मुक्त बनाना, शिक्षा और स्वास्थ्य उनकी प्राथमिकताएँ हैं। आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की पढ़ाई में सहयोग तथा गंभीर बीमारी की स्थिति में गरीब कृषक परिवारों की सहायता समाज द्वारा की जाएगी।कार्यक्रम में प्रमुख रूप से छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू, पूर्व गृह मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व मंत्री श्रीमती रमशीला साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री टहल सिंह साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य दुग्ध महासंघ के पूर्व अध्यक्ष श्री विपिन साहू, हस्तशिल्प विकास बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष श्री दीपक ताराचंद साहू, पूर्व विधायक श्री प्रीतम साहू, पूर्व विधायक श्री वीरेंद्र साहू, पूर्व विधायक डॉ. दयाराम साहू, प्रदेश साहू संघ के पूर्व महामंत्री श्री हलधर साहू, सलाहकार प्रदेश साहू संघ श्री पवन साहू, रेडक्रास सोसायटी अध्यक्ष श्री तोमन साहू, नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी, नगर पालिका परिषद दल्लीराजहरा के अध्यक्ष श्री तोरण साहू, नगर पंचायत गुरुर के अध्यक्ष श्री प्रदीप साहू, जनपद पंचायत गुरुर की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता संजय साहू, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत गुरुर श्री दुर्गानंद साहू, जिला साहू संघ बालोद के अध्यक्ष श्री महेंद्र साहू सहित जिले के सभी तहसील साहू संघों के अध्यक्षगण, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page